पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Railways, Repair, Trek, Maharashtra, Nagpur

12 घंटे करना होगा इंतजार, मंगलवार रात तक हो सकती मरम्मत पूरी

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नागपुर। इंतजार के लगभग 60 घंटे बाद मुंबई डाऊन लाइन हौले-हौले चल पड़ी। सोमवार को इस रूट से एक दर्जन गाडिय़ां 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से नागपुर की ओर बढ़ीं। ट्रेन क्रमांक 12721 हैदराबाद-हजरत निजामुद्दीन दक्षिण एक्सप्रेस सबसे पहले और बाद में चेन्नई जयपुर, जीटी व संघमित्रा एक्सप्रेस यहां से होकर बढ़ी। अप लाइन का काम पूरा होने में और 12 घंटे लग सकते हैं। लिहाजा मुंबई की ओर जानेवाली गाडिय़ां भी डाऊन लाइन से ही चलाई जा रही हैं। अप लाइन को सुधारने 50 अधिकारी व 3 सौ मजदूर लगे हुए हैं। मंगलवार की रात तक दोनों लाइनों से रेल यातायात पूर्ववत होने की उम्मीद की जा रही है।

19 जुलाई को भारी बारिश के कारण सिंदी व तुलजापुर के बीच का रेल-मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ था। मध्य रेलवे नागपुर मंडल के मंडलीय प्रबंधक बृजेश दीक्षित ने घटनास्थल का निरीक्षण कर करीब

600 मजदूरों को मरम्मत कार्य में लगाया था। प्रभावित जगहों पर 3 सौ से ज्यादा वैगन में पत्थर एवं गिट्टी भेजे गए। रेल मार्ग ठप रहने से शनिवार व रविवार को यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ गाडिय़ों को परिवर्तित मार्ग से चलाना पड़ा। वहीं दो दिन में 20 से अधिक गाडिय़ों को रद्द भी किया गया।

दुरंतो, सेवाग्राम बढ़ी मुंबई की ओर

2 दिन बाद सोमवार को नागपुर से मुंबई जानेवाली सेवाग्राम व दुरंतो एक्सप्रेस निर्धारित रूट से गंतव्य की ओर बढ़ी। दोनों गाडिय़ां निर्धारित समय की तुलना में 4 घंटे लेट चली।

जांच समिति का गठन

नागपुर मंडल ने वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में जांच के लिए समिति बनाई है। समिति को अपनी राय देने व शिकायत करने के लिए आम नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। इसके लिए 23 जुलाई को सिंदी स्टेशन प्रबंधक कार्यालय में दोपहर 12 से 3 बजे तक एवं तुलजापुर स्टेशन प्रबंधक कार्यालय में दोपहर 3 से 6 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। इसके अलावा 24 से 29 जुलाई तक उक्त दोनों स्टेशन पर विवरण दिया जा सकता है।