नागपुर. जेल से ही फोन पर दो भाइयों को गवाही देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। मामला गणेशपेठ क्षेत्र में हुई हत्या से जुड़ा हुआ है। शनिवार को आरोपियों के खिलाफ अजनी थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी ललित ठाकरे, अनुराग वाघमारे और शुभम उर्फ तेल्या गजघाटे जेल में बंद हैं। उन्होंने इसी वर्ष जुलाई में गणेशपेठ क्षेत्र में हत्या को अंजाम दिया था। हत्या में अजय बागडे 23 वर्ष और उसका ममेरा भाई अक्षय दुपारे की मुख्य गवाही है।
उनकी गवाह पर आरोपियों को सजा हो सकती है। इसके चलते 23 जुलाई से अब तक कई बार उन्हें फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई है। शुरुआती दौर में दोनों भाईयों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। सिलसिलेवार मिल रही धमकी से त्रस्त होकर उन्होंने इसकी शिकायत की। जांच के दौरान पता चला कि जेल में बंद उपरोक्त आरोपी ही विभिन्न नंबरों से फोन कर उन्हें धमका रहे थे।
पूर्व में भी अन्य कुछ मामलों को लेकर जेल की सुरक्षा व्यवस्था की कलई खुल चुकी है। इस घटना ने उसकी पुष्टी कर दी है। इसके एक दिन पूर्व ही कैदी की संदिग्ध स्थिति में हुई मौत के मामले में सीआईडी जेल में दस्तक दे चुकी है। इसके बाद हुए इस खुलासे से इसकी गंभीरता और भी बढ़ गई है। प्रकरण दर्ज किया गया है। जांच जारी है।