पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

कांग्रेस ने किया शक्ति प्रदर्शन, ठाकरे, सभी नेता एकसाथ नजर आए

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नागपुर. शनिवार का दिन पार्टी प्रत्याशियों के लिए शक्ति प्रदर्शन का दिन रहा। नामांकन के अंतिम दिन कांग्रेस ने अपनी एकजुटता दिखाने का प्रयास करते हुए शक्ति प्रदर्शन किया। एक मंच पर न दिखने वाले कांग्रेस के नेता शनिवार को एक-वाहन पर सवार दिखे। क्या मुत्तेमवार और क्या राऊत, सब साथ थे। चतुर्वेदी, ठाकरे, वंजारी, गुडधे और अनीस सभी ने एक गाड़ी में सवार होकर कार्यकर्ताओं में जोश भरने का प्रयास किया।
सुबह 10.30 बजे संविधान चौक पर डॉ. बाबासाहब आंबेडकर की प्रतिमा को माल्यर्पण कर कांग्रेस की रैली निकली। लगभग 12 बजे यह रही जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची। ढोल-नगाडे और झंडे-पोस्टर से इस रैली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम था। नामांकन भरने का जश्न जीत से कम नहीं था। इस जश्न के बीच भाजपा और शिवसेना भी अलग-अलग अपने उम्मीदवारों को लेकर पहुंचे। राकांपा के उम्मीदवार क आए और कब गए, पता ही नहीं चला। किन्तु सभी जीत का दावा करते जरूर दिखे।
शनिवार अंतिम दिन कांग्रेसियों के नाम रहा। निर्वाचन केंद्रों पर सबसे पहला कांग्रेसियों ने ही किया। विकास ठाकरे ने पश्चिम नागपुर, प्रफुल्ल गुडधे ने दक्षिण-पश्चिम नागपुर, सतीश चतुर्वेदी ने दक्षिण नागपुर, अभिजीत वंजारी ने पूर्व नागपुर, नितीन राऊत ने उत्तर नागपुर और अनीस अहमद ने मध्य नागपुर से नामांकन दाखिल किया। पूर्व सांसद विलास मुत्तेमवार प्रमुखता से उपस्थित थे। सभी ने मुत्तेमवार के नेतृत्व में जीत का भरोसा दिलाया।
इस दौरान युती पर कटाक्ष से भी नहीं बचे। पूर्व मंत्री सतीश चतुर्वेदी ने कहा कि धर्म के नाम पर एक आने वाले, कुर्सी के लिए बंट जाते है। नितीन राऊत राकांपा पर प्रहार करते दिखे। डॉ. राऊत ने कहा कि आघाडी पहले तोड़ ली जाती तो अच्छा होता। क्योंकि सबसे दागदार चेहरे राष्ट्रवादी में ही है। कैबिनेट में राष्ट्रवादी के घोटालों का ही मुद्दा गूंजता था। राष्ट्रवादी कांग्रेस के उम्मीदवारों ने भी अलग-अलग जगह पर्चा जमा किया। दक्षिण नागपुर से दीनानाथ पडोले, पश्चिम नागपुर से प्रगती पाटील, दक्षिण-पश्चिम से दिलीप पनकुले, पूर्व नागपुर से दुनेश्वर पेठे ने नामांकन दाखिल किया। राकांपा उम्मीदवार ज्यादा कुछ न कहते हुए अपनी जीत का दावा करते दिखे। शिवसेना के नेता भी एक-एक कर पहुंचे। शिवसेना स्टाइल में किरण पांडव ने दक्षिण नागपुर से पर्चा दाखिल किया। सिर पर फेटा और भगवे झंडे के साथ वे यहां दाखिल हुए। पार्षद अलका दलाल के पति अजय दलाल ने पूर्व नागपुर से पर्चा जमा किया।

पूर्व भाजपायी पंजू तोतवानी ने दक्षिण-पश्चिम से शिवसेना उम्मीदवार के रुप में नामांकन दाखिल किया। शुक्रवार देर रात भाजपा ने दक्षिण नागपुर से सुधाकर कोहले को अपना उम्मीदवार बनाया। वे भी शनिवार को महापौर प्रवीण दटके, छोटू भोयर सहित अनेक नेताओं के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। पश्चिम नागपुर से बसपा के उम्मीदवार एवं विदर्भवादी नेता अहमद कादर ने भी नामांकन दाखिल किया। मनसे के उम्मीदवार भी इस दौरान नामांकन दाखिल करते।

पुलिस से रही नाराजगी

इस दौरान राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता पुलिस की सख्ती से खासे परेशान नजर आए। पुलिस ने जिलाधिकारी और तहसील कार्यालय को सीलबंद कर दिया था। पंछी भी पैर न मार सके, इस तरह की व्यवस्था कर रखी थी। ऐसे में कार्यकर्ताओं को उम्मीदवार के साथ अंदर जाने नहीं मिला। कई मौकों पर उम्मीदवार को भी पुलिस ने रोका। जिससे पुलिस के खिलाफ खासी नाराजगी रही।