पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Very Rainy Affected, Mukyamntri Nagpur, Maharashtra

सीएम ने माना विदर्भ में अतिवृष्टि से भारी तबाही, मिलेगी आर्थिक मदद

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नागपुर। मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने अतिवृष्टि में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रत्येक मृतक के आश्रित को ढाई लाख रुपए की आर्थिक मदद करने की घोषणा की। मानसून सत्र शुरू होने से इस संदर्भ में नीतिगत घोषणा सोमवार को विधानसभा में की जाएगी। अतिवृष्टि व बाढ़ से तबाह हुई फसलों व गांवों का दौरा करने के बाद मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने विभागीय आयुक्तालय में शनिवार को इसकी समीक्षा की।

समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि विदर्भ में अतिवृष्टि से भारी तबाही हुर्ई है। बारिश व बाढ़ से जनहानि व जानवरों की मौत होने के साथ ही भारी संख्या में मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। कई मकान बाढ़ में बह गए हैं। सत्र शुरू होने से नीतिगत घोषणा करने से बचते हुए उन्होंने कहा कि हर मृतक के परिजन को ढाई लाख रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। डेढ़ लाख रुपए राज्य सरकार की ओर से व एक लाख रुपए की अतिरिक्त मदद सीएम राहत कोष से दी जाएगी।

विभागीय आयुक्तालय से रविवार शाम तक बाढ़ पीडि़त क्षेत्रों की रिपोर्ट सरकार को प्राप्त होगी और सोमवार को विधानसभा में राहत व मदद के संदर्भ में घोषणा की जाएगी। पुनर्वसन का काम तेजी से करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को जरूरी उपकरण खरीदने के लिए निधि दी जाएगी। विद्युत परियोजनाओं से नाले में राख बहती है। नालों से मिट्टी निकालने व उसे गहरा करना जरूरी है। पुनर्वसन के दौरान ही मामा तालाबों में सुधार किया जाएगा।

नाग नदी व पीली नदी की सुरक्षा दीवार के संबंध में प्रारूप तैयार किया जा रहा है। नदी, नालों के किनारे का अतिक्रमण तुरंत हटाया जाएगा। उद्यमियों से भी पीडि़तों को मदद करने का आह्वान किया गया है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अजित पवार, पालकमंत्री शिवाजीराव मोघे, रोगायो मंत्री डा. नितीन राऊत, राज्यमंत्री राजेंद्र मुलक, सांसद विलास मुत्तेमवार, विधायक दीनानाथ पडोले, जिलाधीश सौरभ राव व वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


अधिकारियों को लगाई जमकर फटकारभास्कर न्यूज. चंद्रपुर/अमरावती, बाढग़्रस्त क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेने शनिवार को मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने चंद्रपुर तथा अमरावती जिले का दौरा किया। चव्हाण ने चंद्रपुर में अतिवृष्टि से प्रभावित शहर के रहमतनगर, नगीनाबाग, सिस्टर कॉलोनी आदि इलाकों का जायजा लिया। गत 15 दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण चंद्रपुर जिले में करीब 500 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। साथ ही बाढ़ में 14 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। तकरीबन सवा 2 लाख हेक्टेयर की फसलें बर्बाद हो गई।

चंद्रपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र संजय नगर तथा रहमतनगर में कुछ लोगों को मुआवजे के तौर पर मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण के हाथों 3300 रुपए के चेक दिए गए। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कई अधिकारियों को लापरवाही बरतने के आरोप में जमकर फटकार लगाई।


अवैध निर्माणकार्य रोकने के निर्देश : मुख्यमंत्री चव्हाण तथा उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने चंद्रपुर जिलाधिकारी कार्यालय में सर्वदलीय जनप्रतिनिधियों की बैठक ली। बैठक के दौरान अनुपस्थित खनिकर्म अधिकारी निखाड़े को तत्काल आदेश देकर सभा में बुलाया गया। बैठक में चंद्रपुर शहर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माणकार्य को कड़ी कार्रवाई कर रोकने के निर्देश मुख्यमंत्री चव्हाण ने जिलाधिकारी को दिए। बाढग़्रस्त क्षेत्रों को रेड तथा ब्लू लाइन के जरिए रेखांकित किया जा चुका है। ऐसे में इन प्रभावित क्षेत्रों में निर्माणकार्य कैसे होने दिया जा रहा है?

विधायक रावते ने की सरकार की खिंचाई

यवतमाल, जिले के बाढग़्रस्त क्षेत्रों के दौरे पर आए विधान परिषद के शिवसेना के गुट नेता दिवाकर रावते ने मुख्यमंत्री के विदर्भ दौरे में यवतमाल जिले को शामिल न किए जाने को लेकर उनकी तीखी आलोचना की। एक माह में तीन बार बाढ़ का सामना कर चुकी आर्णी तहसील के दौरे से लौटे रावते ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए सरकार की जमकर खिंचाई की। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों से कोई सहानुभूति नहीं है, सरकार केवल दिखावा कर रही है। उन्होंने यवतमाल जिले की उपेक्षा को लेकर जिले के कद्दावर नेताओं को भी आड़े हाथों लिया।