नागपुर. विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन भरने वाले दिग्गजों का आज शुक्रवार से जमावड़ा लगेगा। काटोल विधानसभा से निवर्तमान विधायक एवं राकांपा उम्मीदवार अनिल देशमुख, कामठी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार चंद्रशेखर बावनकुले और पूर्व नागपुर से भाजपा उम्मीदवार के तौर पर कृष्णा खोपड़े नामांकन दाखिल करेंगे। अनिल देशमुख सुबह 11 बजे काटोल में नामांकन भरने जाएंगे। चंद्रशेखर बावनकुले भी सुबह 11 बजे मौदा स्थित उपविभागीय कार्यालय में सैकड़ों समर्थकों की उपस्थिति में नामांकन दाखिल करेंगे।
चुनाव प्रमुख रुपराव शिंगणे और सह प्रमुख टेकचंद सावरकर ने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में मौदा स्थित गजानन मंगल कार्यालय में उपस्थिति की अपील की है। इसके अलावा कई जाने-पहचाने चेहरों के भी शुक्रवार को दिखने की संभावना है। शनिवार को नामांकन का अंतिम दिन है। इसलिए शुक्रवार को बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के पर्चा भरने पहुंचने की जानकारी है। हालांकि कांग्रेस सहित अन्य दिग्गज शनिवार को अंतिम दिन अपना नामांकन दाखिल करेंगे। 25 बरस से चल रही युति और 15 वर्ष की आघाड़ी गुरुवार को टूट गई।
ऐसे में हर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवारों की संख्या में भी बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है। पूर्व आघाड़ी और युति के उम्मीदवार आमने-सामने होंगे। हर तरफ से रैलियां निकलने की भी जानकारी है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था बिगडऩे की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा चाक-चौबंद कर ली है। जिलाधिकारी कार्यालय में भी नामांकन के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
रामटेक से जैस्वाल, पश्चिम से आर्य ने ठोका दावा
पितृपक्ष समाप्त होते ही नामांकन-पत्र दाखिल करने वालों की संख्या में तेजी आई। गुरुवार को अनेक दिग्गज और चौंकाने वाले चेहरे उम्मीदवारी दर्ज कराते दिखे। रामटेक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से शिवसेना उम्मीदवार आशीष जैस्वाल ने नामांकन दाखिल किया। उधर, पश्चिम नागपुर से वेदप्रकाश आर्य ने राष्ट्रवादी कांग्रेस की तरफ से पर्चा दाखिल किया। कामठी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में संघ के प्रचारक रहे एवं पूर्व जिप सदस्य राजकुमार घुले ने भाजपा उम्मीदवार चंद्रशेखर बावनकुले के खिलाफ दावा ठोक दिया। श्री घुले ने कामठी से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर पर्चा दाखिल किया।
बता दें कि राजकुमार घुले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के केरल में प्रचारक रहे हैं। भाजपा की टिकट पर जिप सदस्य बने हैं। बावनकुले से मतभेदों के कारण गत दिनों उन्होंने भाजपा छोड़ दी थी। अब बावनकुले के खिलाफ विधानसभा चुनाव में उतर गए है। इसके अलावा कई जाने-पहचाने चेहरे गुरुवार को नामांकन दाखिल करते दिखे। जिले की 12 विधानसभा क्षेत्रों से कुल 23 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया।
काटोल निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय चंद्रशेखर खरपुरिया, किशोर रेवतकर, कैलाश राऊत, सावनेर निर्वाचन क्षेत्र से सुनील पाल, हिंगणा से संजय फुलकर, उमरेड से भारिप बहुजन महासंघ के सरदारे जोगेंद्र धुनजी, राजेंद्र तुलशीराम मेश्राम, आंबेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया (एपीआई) के पांडुरंग मोडकु शंभरकर, दक्षिण नागपुर से निर्दलीय सुधाकर इंगोले, एपीआई के भीमबीसर भोजराज कांबले, पूर्व नागपुर से निर्दलीय, उमेश श्यामराव गणवीर, राजेश बलवंतराव, पश्चिम नागपुर से राकांपा के वेदप्रकाश आर्य, भारतीय मायनॉरीटिज महासंघ के कमलनारायण नामपल्लीवार, निर्दलीय शकील वसी अहमद, उत्तर नागपुर के खोरिपा के सतीश मेश्राम, असंघ रामटेके, कामठी से निर्दलीय राजकुमार घुले, गौतम वासनिक, मनसे के रंगनाथ विट्ठल खराबे, रामटेक से आशीष जैस्वाल और एपीआई के भोजराज शंकर घरडे ने नामांकन दाखिल किया।