पुणे: शनि शिंगणापुर में शनिदेव के चबूतरे पर चढ़कर महिलाओं को पूजा का अधिकार दिलाने के लिए आंदोलन कर रही भूमाता ब्रिगेड की प्रमुख तृप्ति देसाई ने सोशल मीडिया में उन्हें बदनाम करने का आरोप लगाते हुए पुणे के सहकार नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने उनकी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
क्या है तृप्ति का आरोप?
- तृप्ति ने अपनी शिकायत में कहा है कि शनि शिंगणापुर आंदोलन की आवाज दुनियाभर के लोगों में पॉपुलर हुई है।
- लेकिन शिंगणापुर के गांववाले और कुछ संगठन सोशल मीडिया में मुझे बदनाम करने का काम कर रहे हैं।
- सोशल मीडिया में मेरे फोटोज को अश्लील बनाकर वायरल किया जा रहा है।
- कई पोस्ट में मेरे बारे में आपतिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
शनि मंदिर में महिलाओं के प्रवेश पर क्या है विवाद
-परंपरा के मुताबिक, शनि मंदिर में 400 साल से किसी महिला को शनि देव के चबूतरे पर जाकर तेल चढ़ाने या पूजन करने की इजाजत नहीं है। ट्रस्ट की मानें तो बॉम्बे हाईकोर्ट भी इसे सही ठहरा चुका है।
- 29 नबंवर, 2015 को एक महिला के शनिदेव के चबूतरे पर जाकर पूजा करने के बाद काफी विवाद हुआ। शिंगणापुर में पंचायत हुई और मंदिर का शुद्धिकरण किया गया था।
- वहीं, भूमाता ब्रिगेड और अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति की मेंबर रंजना गवांदे ने इसे शनि मंदिर में क्रांतिकारी घटना बताकर स्वागत किया था।
- इसके बाद 26 जनवरी 2016 को भूमाता ब्रिगेड़ की महिलाओं ने शनि मंदिर में प्रवेश को लेकर देसाई की अगुवाई में शिंगणापुर में आंदोलन किया था।
- यह आंदोलन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सूर्खियों में रहा।
- इसके बाद 6 फरवरी 2016 को अहमदनगर के जिलाधिकारी और महिलाओं के बीच बैठक हुई लेकिन इसमें कोई हल नहीं निकला।
- महिलाओं के शनिमंदिर में प्रवेश को लेकर अब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस को निर्णय लेना है।
कौन हैं तृप्ति देसाई...
- पुणे की रहने वाली तृप्ति देसाई पिछले कई सालों से महिलाओं के हितों के लिए काम कर रही हैं।
- इसके लिए उन्होंने 'भूमाता ब्रिगेड' नाम की संस्था भी शुरू की है।
- सिर्फ पुणे में ही नहीं संस्था की शाखा अहमदनगर, नासिक और शोलापुर में भी है।
- वर्तमान समय में इस संस्था से 5000 से ज्यादा महिलाएं जुड़ी हुई हैं।
- इससे पहले वह अन्ना हजारे के संगठन इंडिया अगेंस्ट करप्शन से जुड़ी रही हैं।
- तृप्ति ने मुंबई के एसएनडीटी यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है।