पुणे: पूर्व चैंपियन यू मुंबा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्टार स्पोर्ट्स प्रो कबड्डी लीग में रविवार को बंगाल वॉरियर्स को 32-21 से शिकस्त दे दी।
ऐसे हासिल की जीत
- मुंबई ने मैच की शुरुआत से ही बढ़त बनाने का सिलसिला शुरू किया जो उसने बंगाल को हराकर ही खत्म किया।
- हाफ टाइम तक 11-9 से आगे चल रही मुंबई की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच का अंत 32-21 की जीत से किया।
- मुंबई के लिए रिषांक देवडिगा ने सर्वाधिक 10 अंक हासिल किए जबकि बंगाल की ओर से नितिन तोमर ने छह अंक अर्जित किये।
- मुंबा की यह सात मैचों में पांचवी जीत है और वह 25 अंकों के साथ तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गयी है जबकि वॉरियर्स को अपने सातवें मैच में दूसरी हार का सामना करना पड़ा और वह 26 अंकों के साथ आठ टीमों की तालिका में दूसरे स्थान पर बरकरार है।
- मुंबई की टीम ने 15 रेड अंक और डिफेंस से 10 अंक जीते जबकि बंगाल की टीम ने 16 रेड अंक और डिफेंस से चार अंक हासिल किए।
- मुंबई ने तीन अतिरिक्त अंक जबकि बंगाल ने एक ही अतिरिक्त अंक अर्जित किया।
इससे पहले यू मुंबा ने शनिवार रात इसी स्टेडियम में खेले गए मैच में पुणेरी पल्टन को 29-27 से हराया। विजेता मुंबई की ओर से रिषांक ने सात और कप्तान राकेश कुमार ने पांच अंक अर्जित किए जबकि पुणेरी पल्टन के सुरेन्द्र सिंह ने सर्वाधिक आठ अंक जीते।