पुणे. राकांपा के राष्ट्रीय महासचिव तारिक अनवर ने शनिवार को कहा कि अगले दो से चार दिनों में आघाड़ी के सीट बंटवारे की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। अनवर ने पुणे श्रमिक पत्रकार संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कहा कि कांग्रेस-राकांपा के बीच सीटों का बंटवारा नहीं हुआ है, लेकिन चर्चा चल रही है। अंतिम चर्चा होने के बाद अगले दो से चार दिनों में सीट बंटवारे की प्रक्रिया पूरी होगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद को लेकर आघाड़ी में पहले ही समझौता हुआ है। इसके अनुसार जिस पार्टी को अधिक सीटें मिलेंगी, मुख्यमंत्री उसी दल का होगा। अनवर ने मनसे से गठबंधन के बारे में कहा कि इस संबंध में निर्णय प्रदेश नेतृत्व लेगा। गौरतलब है कि नाशिक मनपा में आघाड़ी ने मनसे को समर्थन दिया है।
आघाड़ी का चेहरा मैं: चव्हाण
मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने स्पष्ट रूप से कहा कि मुख्यमंत्री पद के लिए वे खुद आघाड़ी का चेहरा होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि कांग्रेस सहयोगी दल राकांपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी।
मैं सीएम पद की दौड़ में नहीं : राकांपा सांसद सुप्रिया सुले ने साफ कर दिया है कि वह मुख्यमंत्री पद की दावेदार नहीं हैं। कहा, ‘मैं विस चुनाव नहीं लड़ रही हूं। इसलिए सीएम पद की दौड़ में शामिल नहीं हूं।’
फोटो- राकांपा के राष्ट्रीय महासचिव तारिक अनवर