मुंबई। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टा( एनसीपी) प्रमुख शरद पवार से मुंबई के ब्रीच कैन्डी अस्पताल में मुलाकात की। इस समय उनके साथ मुंबई बीजेपी अध्यक्ष आशीष शेलार भी मौजूद थे। एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए शाह ने ब्रीच कैंडी अस्पताल में जाकर पवार का हालचाल जाना। पिछले हफ्ते दिल्ली के सरकारी बंगले में लान पर फिसलने के कारण पवार के पैर में फ्रेक्चर हो गया था।
इसके बाद से मुंबई में उनका इलाज चल रहा है। शुक्रवार को ही नागपुर के शीतकालीन सत्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सिंचाई घोटाले की जांच के लिए एसीबी को हरी झंडी दी है। इस कारण एनसीपी और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार और पूर्व जलसंसाधन मंत्री सुनील तटकरे की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
इससे पहले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान शाह ने पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार और पूर्व जलसंसाधन मंत्री तटकरे के खिलाफ आघाड़ी सरकार के कार्यकाल के दौरान हुए 70 हजार करोड़ के सिंचाई घोटाले को लेकर जमकर हमला बोला था। लेकिन मुख्यमंत्री फड़णवीस द्वारा एसीबी को जांच के आदेश देने के बाद पवार और शाह की मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारें में अलग-अलग चर्चा चल रही है।