पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें( मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार की फाइल तस्वीर)
नागपुर/पुणे: विभिन्न बम विस्फोट के मामलों और गंभीर अपराधों में लिप्त आरोपियों की मदद करने वाले जमात-ए-उलेमा-ए-हिंद संगठन पर पाबंदी लगाई जाए, ऐसी मांग मुंबई भाजपा के अध्यक्ष आशीष शेलार ने विधानसभा में की। भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि संगठन के अध्यक्ष का संबंध छोटा शकील के गिरोह से है। इसलिए मामले की जांच करते हुए संगठन पर प्रतिबंध लगा दिया जाना चाहिए।
विधानसभा में राज्य में कानून-व्यवस्था विषय पर चर्चा चल रही थी। इसी चर्चा के दौरान मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार ने कहा कि जमात ए उलेमा ए हिंद रजिस्टर्ड संगठन नहीं है। संगठन के अध्यक्ष गुलजार आजमी और उसके भाई मुश्ताक आजमी का छोटा शकील से संबंध है। यह संगठन विज्ञापन देकर निधि एकत्रित करने का काम करता है। निधि एकत्रित करने के बाद व गंभीर अपराधों में लिप्त अपराधियों की मदद भी करता है।
आशीष ने आगे बताया कि जवेरी बाजार बम विस्फोट मामला, औरंगाबाद आर्म्स केस, 2006 रेलवे ब्लास्ट, 2001 का विलेपार्ले ब्लास्ट, 26/11 के हमले के आरोपी अबू जिंदाल जैसे आरोपियों को वकील और अन्य मदद पहुंचाने का काम संगठन के माध्यम से किया जाता है। शेलार ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि आरोपी पर लगे आरोप जब तक साबित नहीं हो जाते, तब तक वह आरोपी नहीं होता है। ऐसे आरोपियों के लिए सरकार नि:शुल्क वकील मुहैया कराती है। पर अपराधियों को अवैध तरीके से मदद पहुंचाने का काम इस संगठन के माध्यम से किया जाता है। संगठन और उसके अध्यक्ष की जांच करते हुए आवश्कतानुसार उस पर पाबंदी लगाई जानी चाहिए।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.