फोटो : कोल्हापुर एयरपोर्ट पर बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमित शाह
कोल्हापुर। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह विधानसभा चुनावों के मौके पर महाराष्ट्र के दो दिन के दौर पर हैं। शाह ने आज सुबह कोल्हापुर में शिवसेना और बीजेपी गठबंधन की सीटों पर बोलते हुए कहा कि, 'बीजेपी दो कदम आगे आई है, अब मित्र दलों को दो कदम आगे आना चाहिए और यह गठबंधन सम्मान के साथ होना चाहिए। हम सम्मान की कीमत पर गठबंधन नहीं करेंगे।'
कोल्हापुर में अमित शाह ने कहा कि, 'विधानसभा चुनाव के प्रचार का आगाज मैं कोल्हापुर की देवी अंबाबाई के दर्शन से कर रहा हूं। इसके बाद मैं पंकजा मुंडे की संघर्ष यात्रा के समापन कार्यक्रम में उपस्थित रहने के लिए जा रहा हूं। वहीं पर मैं अपनी बातें विस्तार से करुंगा।'
कांग्रेस को उखाड़ फेंके
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने गुरुवार को महाराष्ट्र से घोटाले में डूबी कांग्रेस-राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की सरकार उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। शाह ने 15 अक्टूबर के विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि कांग्रेस और राकांपा ने पिछले 15 वर्षो में अपने शासन के दौरान राज्य को 'बर्बाद' कर दिया।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा,
शरद पवार (राकांपा अध्यक्ष) ने राजनीति का जैसा व्यापारीकरण किया वैसा देश में किसी दूसरे नेता ने नहीं किया..अजीत पवार घोटालों में संलिप्त थे..राज्य में एक के बाद एक कुल 11,88,000 करोड़ रुपये के घोटाले हुए।"
शाह ने कहा कि घोटाले में गए 11,88,000 करोड़ रुपये राज्य की कम से कम पांच साल की अर्थव्यवस्था चलाने के लिए पर्याप्त थे।
शरद पवार ने राजनीति का व्यापारीकरण किया
अमित शाह ने एनसीपी प्रमुख शरद पवार पर आरोप लगाते हुए कहा कि, 'पवार ने राजनीति का व्यापारीकरण किया। राजनीति में पवार द्वारा तैयार किया गया व्यापारीकरण अब जनता को दूर करना है। गौरतलब है कि दो दिन पहले ही एनसीपी ने विधानसभा चुनावी प्रचार अभियान की शुरूआत कोल्हापुर से बड़े धूम धाम से की थी।