पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Candidates List Will Open Soon Says Sharad Pawar

चर्चा के बाद दूसरे ही दिन जारी होगी प्रत्याशियों की सूची : पवार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पुणे. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने सोमवार को कोल्हापुर में कहा कि कांग्रेस-राकांपा एक साथ मिलकर ही चुनाव लडऩे का विचार कर रही है। सीटों के बंटवारे की चर्चा जिस दिन खत्म होगी उसके दूसरे दिन ही राकांपा के उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी जाएगी। पत्रकारों से बातचीत में पवार ने  कहा कि अगले दो से चार दिनों में पार्टी का घोषणापत्र जारी होगा।
 
कांग्रेस-राकांपा मिलकर चुनाव लड़े ऐसा हमारा प्रयास है। कांग्रेस की अध्यक्षा विदेश में हैं। इसलिए विगत पांच से छह दिनों में सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा नहीं हुई है। अगले तीन-चार दिनों में चर्चा होगी। जिस दिन अंतिम चर्चा होगी उसके दूसरे दिन ही राकांपा के उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी जाएगी। 
 
लोस जैसे विस के नहीं होंगे नतीजे
 
पवार ने कहा कि लोकसभा चुनाव के नतीजे हमारी अपेक्षा से अलग आए किंतु विधानसभा में ऐसा नहीं होगा। दोनों चुनावों में फर्क होता है। 
 
शिवसेना भाजपा का सुनेगी
 
सीटों के बंटवारे को लेकर भाजपा-शिवसेना में चल रहे विवाद पर पवार ने कहा कि लोकसभा चुनाव के समय मोदी के कारण शिवसेना को अधिक सीटें मिली । इसका एहसास शिवसेना के नेतृत्व को निश्चित रूप से होगा। 

तीन से चार लोग चला रहे सरकार
 
केंद्र सरकार पर टिप्पणी करते हुए पवार ने कहा कि फिलहाल केंद्र सरकार को तीन से चार लोग ही  चला रहे हैं। 
 
राकांपा का माना जाता है गढ़
 
कोल्हापुर राकांपा का गढ़ माना जाता है। लोकसभा चुनाव के दौरान भी पूरे देश में नरेंद्र मोदी की लहर थी लेकिन कोल्हापुरवासियों ने राकांपा का साथ देते हुए पार्टी के धनंजय महाडि़क को जीत दिलाई थी। 
 
भले ही कोल्हापुर में पार्टी की ताकत है लेकिन लोकसभा के जो नतीजे आए हैं उन्हें देख पवार ने विधानसभा चुनाव को काफी गंभीरता से लिया है। इसलिए मंगलवार को सभा होने के बावजूद पवार सोमवार को ही कोल्हापुर पहुंच गए। कोल्हापुर, सातारा तथा सांगली के प्रमुख पदाधिकारियों की उन्होंने बैठक ली। तीनों जिलों के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कौन उम्मीदवार हो सकता है इस बारे में चर्चा की गई। 
 
कोल्हापुर में सभा आज 
 
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष तथा पूर्व केन्द्रीय मंत्री शरद पवार की मंगलवार को कोल्हापुर स्थित गांधी मैदान में सभा का आयोजन किया गया है। इस सभा से पार्टी के विधानसभा चुनाव के प्रचार का शुभारंभ होगा। इस दौरान कोल्हापुर, सांगली तथा सातारा से करीबन एक लाख लोगों के उपस्थित रहने की संभावना जताई जा रही है। दोपहर तीन बजे गांधी मैदान में होने जा रही इस सभा में उपमुख्यमंत्री अजित पवार, गृहमंत्री आर. आर. पाटील, प्रदेशाध्यक्ष सुनिल तटकरे, छगन भुजबल उपस्थित रहेंगे।