पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपुणे। मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने स्पष्ट कर दिया है कि राज्य सरकार टोल टैक्स को रद्द नहीं करेगी। उन्होंने मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे का नाम लिए बगैर कहा कि सरकार इस तरह की तोडफ़ोड़ से दबाव में नहीं आएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का बयान भी दोहराया। बुधवार को मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सरकारी अतिथि गृह सह्याद्री में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री टोल को लेकर पत्रकारों की तरफ से किए गए सवालों का सीधा जवाब देने से बचते रहे।
बैठक के पहले ही अलग से फैसला
पिछले तीन दिनों से मनसे कार्यकर्ता राज्य भर में तोडफ़ोड़ कर रहे हैं। इसलिए बुधवार को होने वाली कैबिनेट की बैठक पर सभी की निगाहें थीं कि इस बैठक में तोडफ़ोड़ को लेकर मंत्रियों का रुख नजर आएगा। लेकिन बैठक शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री ने कांग्रेस व राकांपा के वरिष्ठ मंत्रियों के साथ अलग से बैठक कर इस बारे में फैसला ले लिया। सूत्रों के अनुसार इस बैठक में तय हुआ कि टोल समाप्त नहीं किया जाएगा। बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि ऐसा संदेश नहीं जाना चाहिए कि राज्य सरकार ने मनसे के दबाव में किसी तरह का फैसला लिया है। बाद में मंत्रिमंडल की बैठक में मुख्यमंत्री ने अन्य मंत्रियों को बताया कि टोल के बारे में हमारी चर्चा हो गई है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.