(महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना छोड़ बीजेपी में शामिल हुए राम कदम)
पुणे: भाजपा और शिवसेना के बीच मतभेद इस कदर बढ़ गया है कि अपनी रैलियों में भी वह एक दूसरे का नाम लेने से बच रहे हैं। ऐसा ही कुछ नजारा देखने को मिला पुणे में आयोजित बीजेपी की 'विजय संकल्प रैली' में। रैली के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष
अमित शाह ने एक बार भी शिवसेना का नाम नहीं लिया। उन्होंने जनता से सिर्फ बीजेपी को सत्ता सौंपने की अपील की। कोल्हापुर के बाद पुणे में अमित शाह के इस रुख से नाराज शिवसेना आज कोई कड़ा फैसला ले सकती है। आज इस मामले में बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक हो रही है।
महायुति का भी नहीं लिया नाम
सीटों के बंटवारे को लेकर शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के सख्त रुख के बाद माना जा रहा था कि शाह के भाषण में बीच का रास्ता निकालने के संकेत मिल सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अपने पूरे भाषण के दौरान उन्होंने शिवसेना के साथ-साथ महायुति तक का जिक्र नहीं किया।
बीजेपी को सत्ता सौंपने की अपील
अमित शाह पश्चिम महाराष्ट्र के कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने के लिए गुरुवार को पुणे आए थे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को भी नसीहत देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इस सवाल में उलझने की जरूरत नहीं है। शाह ने जनता से भाजपा को सत्ता सौंपने की अपील करते हुए कहा, महाराष्ट्र का विकास हमारी पहली प्राथमिकता है। एक बार भाजपा पर विश्वास करके देखिए, राज्य की तस्वीर बदल जाएगी। भाजपा अध्यक्ष ने आगे कहा, अगर भाजपा सत्ता में आती है तो महाराष्ट्र का खोया गौरव लौटने का प्रयास करेंगे। पिछले दशकों में राज्य का जितना विकास नहीं हुआ वो अगले पांच सालों में करके दिखाएंगे।
बीजेपी में शामिल हुए मनसे विधायक राम कदम
विधानसभा चुनावों से पहले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) को बड़ा झटका लगा है। बुधवार को पिंपरी में 50 कार्यकर्ताओं ने मनसे से नाता तोड़ा और आज मनसे के विधायक राम कदम पार्टी का दामन छोड़ बीजेपी ज्वाइन कर लिया। कदम मुंबई के घाटकोपर पश्चिम सीट से विधायक हैं। पुणे में चल रहे विजय संकल्प सम्मेलन में राम कदम बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष
अमित शाह के सामने बीजेपी में शामिल हुए।
राम कदम मनसे प्रमुख राज ठाकरे से नाराज थे। कदम पर कुछ मामले दर्ज हुए थे और मनसे की ओर से उनकी कोई सहायता नहीं की गई। इसके चलते वे नाराज चल रहे थे। पिछले दो महीनों से चर्चा थी कि कदम बीजेपी में जुड़ने वाले हैं।
पुणे के गणेश कला क्रीड़ा रंग मंदिर में भाजपा की ओर से 'विजय संकल्प रैली' का आयोजन किया गया था। इसमें भाजपा के महासचिव राजीवप्रताप रुडी, विधानसभा चुनाव के प्रभारी ओम माथुर, राष्ट्रीय सचिव शाम जाजू, प्रदेशाध्यक्ष देवेंद्र फड़णवीस, केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, विनोद तावड़े, एकनाथ खडसे, पंकजा मुंडे, सांसद अनिल शिरोले मौजूद थे।