पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Cm Fadnavis Targets To Shivsena On Delhi Election

सीएम का शिवसेना पर निशाना, बुरे दिनों में साथ देनेवाला ही सच्चा दोस्त होता है

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मुंबई/नासिक। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने शिवसेना पर निशाना साधते हुए कहा है कि दिल्ली में बीजेपी की हार से कुछ लोगों को खुशी हो रही है लेकिन दूसरे के घर बच्चा जन्मने जैसी यह खुशी ज्यादा दिनों तक नहीं टिकने वाली। बुरे दिनों में जो साथ देता है वही सच्चा मित्र कहलाता है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में बीजेपी की अहम् सहयोगी शिवसेना ने दिल्ली की हार पर बीजेपी पर निशाना साधा था।
मुख्यमंत्री फड़णवीस ने कहा कि, "दिल्ली में बीजेपी की हार को लेकर हम आत्मचिंतन करेंगे। यह पार्टी की हार है, इसके लिए मोदी जी जिम्मेदार नहीं है। सामना में मोदी की आलोचना के सवाल पर उन्होंने कहा कि कौन क्या कहता है यह उनका निजी मामला है, हर कोई अपने हिसाब से किसी मुद्दे को लेकर विचार व्यक्त कर सकता है। उद्धव ठाकरे द्वारा दिए गए बयान पर मैं बोलना उचित नहीं समझता, लेकिन शिवसेना हमारी सहयोगी पार्टी है। अगर भविष्य में शिवसेना कोई स्थानीय निकाय चुनाव हारती है तो क्या उस हार को उद्धव ठाकरे की हार माना जा सकता है। "
मुख्यमंत्री नासिक में पुलिस अकादमी के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। सीएम फड़णवीस के इस बयान के जवाब में शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा है कि, "सच्चा राजनीतिक दोस्त कैसा होना चाहिए इसका उदाहरण शिवसेना ने देश को बताया है। हमनें 25 सालों तक बीजेपी का बुरे दिनों में साथ दिया है, लेकिन तीन माह पहले बीजेपी ने जो हमारे साथ बर्ताव किया वह पूरे देश ने देख लिया। इसलिए बीजेपी सच्चे और झूठे दोस्त की बाते न करे तो ही अच्छा है।"