पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा मौका: वीसीए में होगी कोचेस अकादमी

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नागपुर। आमतौर पर एक खिलाड़ी को अपने करियर के दौरान कई प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में खेलना पड़ता है। क्रिकेट के प्रशिक्षक अपने हिसाब से खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण भी देते हैं, लेकिन कई बार खिलाडिय़ों के सामने सही तकनीक के चयन की समस्या आ जाती है। इस दुविधा का सीधा असर उसके प्रदर्शन पर पड़ता है।

उपराजधानी के खिलाडिय़ों को इस समस्या से छूटकारा दिलाने के लिए विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में एकरूपता लाने का निर्णय लिया है, जिसके तहत वीसीए नेशनल क्रिकेट अकादमी की तर्ज पर आगामी 20 फरवरी से नागपुर में कोचेस अकादमी स्थापित कर रही है, जिसमें विदर्भ के युवा प्रतिभाओं को क्रिकेट कोच बनने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अद्वैत मनोहर ने यह जानकारी दी।

बढिय़ा और मजबूत खिलाड़ी बनाने के लिए ग्रासरूट स्तर का प्रशिक्षण काफी महत्वपूर्ण होता है, लेकिन उससे भी अहम है प्रशिक्षण प्रणाली की एकरूपता। श्री मनोहर ने कहा कि युवा खिलाड़ी कभी-कभी गलत प्रशिक्षण के कारण अपनी राह से भटक जाते है। वीसीए इसको रोकने के लिए कोचेस अकादमी स्थापित कर रही है, जो 20 फरवरी से अपना काम शुरू करेगी। एनसीए के लेवल थ्री कोच सतीश चिमोटे के मार्गदर्शन में गठित अकादमी में कोचिंग में करियर बनाने वालों को नि:शुल्क प्रवेश दिया जाएगा। नागपुर के बाहर से आने वाले के रहने की व्यवस्था वीसीए द्वारा की जाएगी। अकादमी में एक साथ दो बैच को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रत्येक बैच में 20 या उससे अधिक प्रशिक्षणार्थी होंगे। प्रशिक्षण पाने वालों को वीसीए का प्रमाणपत्र मिलेगा। अकादमी में कोचेस के साथ टे्रनरों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। श्री मनोहर ने कहा कि वीसीए अकादमी से प्रशिक्षण प्राप्त कोचेस को स्कूल, क्लब और जिलों में भेजा जाएगा। इन संस्थाओं में नियुक्ती पाने वाले कोचेस को मिलने वाले वेतन का आधा वेतन वीसीए की ओर से दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वीसीए कोचेस बनाने के साथ उनको आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए प्रयासरत रहेगी।