मुंबई। कांग्रेस नेता तथा महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे ने कहा है कि उनका और उनके परिवार के किसी भी सदस्य का स्विट्जरलैंड के एचएसबीसी बैंक में खाता नहीं है। यह उन्हें बदनाम करने की साजिश की जा रही है।
नारायण राणे के बेटे तथा पूर्व सांसद नीलेश राणे ने भी एचएसबीसी बैंक में खाते की खबर को खारिज किया है। नीलेश ने कहा है कि कोई सबूत न होने के बावजूद हमारा नाम इससे जोड़कर कांग्रेस के बड़े नेताओं को राजनीति से बाहर करने और उन्हें बदनाम करने की साजिश की जा रही है। राणे ने कहा कि हमारे परिवार की विदेश में कितनी संपत्ति है इसकी जानकारी नहीं दे पा रहे हैं और हम पर बेवजह आरोप लगा रहे हैं। बीजेपी सरकार मेरे पिता जैसे बड़े कांग्रेस नेताओं को बदनाम करने में लगी है।
स्विट्जरलैंड के एचएसबीसी बैंक में 1195 भारतीय लोगों के खातों की सूची अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस ने प्रकाशित की है, जिसमें उद्योगपति मुकेश और अनिल अंबानी देश के राजनेतओं सहित कई महत्वपूर्ण व्यक्तियों के नाम हैं। इसमें कांग्रेस नेता नारायण राणे की पत्नी नीलम और बेटे नीलेश राणे, पूर्व कांग्रेस नेता वसंत साठे का परिवार, शिवसेना सुप्रीमो स्वर्गीय बालासाहेब ठाकरे की बहू स्मिता ठाकरे का नाम भी शामिल है। हालांकि स्मिता ठाकरे ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।