(ट्विटर पर राज ठाकरे के नाम पर खोले गए फर्जी अकाउंट)
मुंबई। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे के नाम पर ट्विटर,
फेसबुक और ऑर्कुट पर कई फर्जी अकाउंट खोले जाने का मामला सामने आया है। इन अकाउंट से पिछले कई दिनों से विवादित टिप्पणी की जा रही थी। फर्जी अकाउंट की खबर लगते ही नाराज मनसे कार्यकर्ताओं ने क्राइम ब्रांच के संयुक्त पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर कार्रवाई करने की मांग की है। मनसे के मीडिया संयोजक सचिन मोरे ने बताया कि इस बारे में मुंबई पुलिस से 5 मार्च 2014 को भी शिकायत किये जाने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
मोरे ने बताया कि सोशल नेटवर्किंग साइटों पर मनसे अध्यक्ष के नाम से फर्जी अकाउंट खोलने वाला शख्स खुद को राज ठाकरे होने का भ्रम निर्माण कर लोगों से संपर्क कर रहा है। यह अज्ञात व्यक्ति आपत्तिजनक ट्वीट कर रहा है। इसके साथ ही फेसबुक और ऑर्कुट पर विवादित पोस्ट भी कर रहा है। जिसकी वजह से यह अज्ञात व्यक्ति समाज में उन्माद फैलाने का प्रयास कर रहा है। मनसे ने मुंबई पुलिस की राज ठाकरे के नाम पर फर्जी अकाउंट खोलने वाले व्यक्ति को तुरंत गिरफ्तार करने और सोशल नेटवर्किंग साइट पर मनसे अध्यक्ष के नाम के अकाउंट को बंद करने की मांग की है। इसके साथ ही मोरे ने अपने कार्यकर्ताओं और जनता से अपील की है कि राज ठाकरे का ट्विटर, फेसबुक या ऑर्कुट पर कोई भी अकाउंट नहीं है, लिहाजा वे सोशल नेटवर्किंग के इस प्रकार के किसी भी अकाउंट को न तो फॉलो करें और न ही उस पर कही बातों पर विश्वास करें।
राज से पहले उनके बेटे और बेटी के नाम से भी खोला गया था अकाउंट :-
कुछ समय मनसे प्रमुख राज ठाकरे के बेटे अमित और बेटी उर्वशी के नाम पर दिसंबर 2012 में किसी व्यक्ति ने फेसबुक पर फर्जी अकाउंट खोला था। इस की शिकायत मुंबई पुलिस से किये जाने पर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अकाउंट फौरन बंद करा दिया था। बताया जाता है कि जब डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के बारे में मनसे अध्यक्ष के बच्चों के फेसबुक अकाउंट पर कुछ आपत्तिजनक पोस्ट दिखाई दी, जब जाकर पूरे मामले का खुलासा हुआ था।