पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंनागपुर। यूनाइटेड वेल्फेयर फुटबॉल एसोसिएशन कामठी द्वारा आयोजित अखिल भारतीय विधायक गोल्ड कप फुटबॉल स्पर्धा के क्वॉर्टर फाइनल मुकाबलों में खिताबी दावेदारों गढ़वाल रायफल और लखनऊ आर्मी ने विरोधियों को टाइब्रेकर में पराजित करते हुए अंतिम चार में प्रवेश कर लिया। स्पर्धा का पहला सेमीफाइनल मुकाबला शुक्रवार को खेला जाएगा।
कामठी स्थित मिलिटरी के मैदान पर गुरुवार को खेले गए तीसरे क्वॉर्टर फाइनल मुकाबले में गढ़वाल रायफल ने यंग इकबाल कामठी को टाइब्रेकर में 4-2 से पराजित कर दिया। निर्धारित समय तक मैच 1-1 की बराबरी पर छूटा। मैच में स्थानीय टीम यंग इकबाल ने बढिय़ा शुरुआत की और 14वें मिनट पर स्कोर किया। टीम के लिए मोइन खान ने गोल दागा। मैच में पिछडऩे के बाद गढ़वाल रायफल ने आक्रमण की गति को बढ़ा दिया।
रायफल ने 24वें मिनट पर संजीव मंडल के गोल की बदौलत मैच में वापसी कर ली। लंबी सीटी बजने तक दोनों ही ओर कई मूव बने, लेकिन स्कोर नहीं हो पाया। उपरांत कराए गए टाइब्रेकर में विजेता टीम की ओर से संजीव मंडल, एस नेगी, दीपक नेगी और शैलेन्द्र रावत ने स्कोर किया, जबकि पराजित टीम के मोहतशिम अख्तर और नकीब अख्तर ने स्कोर किया। मोहम्मद अली और इकबाल अहमद को स्कोर करने में नाकामी हाथ लगी।
वहीं स्पर्धा के अंतिम क्वॉर्टर फाइनल मैच में लखनऊ आर्मी ने सेंट्रल बैंक मुंबई को सडन डैथ में 4-3 से हरा दिया। निर्धारित समय तक मैच 1-1 की बराबरी पर छूटने के बाद कराए गए टाइब्रेकर का स्कोर 4-4 से ड्रा रहा। इसके बाद सडन डैथ आरंभ हुआ, जो 4-4 शॉट्स तक चला। सडन डैथ में सेंट्रल बैंक मुंबई के ग्रेगरी पिंटों के मौका गंवाते ही लखनऊ आर्मी ने अंतिम चार तक का सफर पूरा किया। निर्धारित समय में लखनऊ आर्मी के अब्दुल हामिद ने स्कोर किया, जबकि सेंट्रल बैंक मुंबई के लिए दिलीप ने गोल दागा।
इसके बाद कराए गए टाइब्रेकर में लखनऊ आर्मी के फ्रांसिस, चंदन सिंह, अमित तमंग और एमके सिंह ने गोल किया, वहीं मुंबई सेंट्रल बैंक के लिए सागर, अबु शेख, निखिल डिसूजा और नूमान अंसारी ने गोल दागा। जबकि सडन डैथ में लखनऊ आर्मी के अब्दुल हामिद, सायमन, नमिश सिंह और नीलेश ने गोल किया। पराजित टीम के लिए रसेल गाल्बानो, रमेश एस, दिलीप एस को स्कोर करने में कामयाबी मिली। स्पर्धा के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में गढ़वाल रायफल उत्तराखंड और नागपुर सिटी पुलिस में भिड़ंत होगी।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.