>पूर्व मंत्री अजित घोरपड़े हुए भाजपा में शामिल
>गृहमंत्री आर. आर. पाटील को देंगे चुनौती
पुणे. केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने शनिवार को सांगली में कांग्रेस-राकांपा आघाड़ी सरकार पर निशाना साधा। कहा, ‘सरकार का एवरेज कम और मेंटेनन्स बढ़ गया है। सरकार कबाड़ हो गई है इसलिए जनता को चाहिए कि वे सरकार को उखाड़ फेंकें। केंद्रीय मंत्री ने सांगली के कवठेमहांकाल में भाजपा द्वारा आयोजित सम्मेलन में अघाड़ी सरकार पर जम कर निशाना साधा।
इस कार्यक्रम में राकांपा के नेता तथा पूर्व मंत्री अजित घोरपड़े और कांग्रेस के शिवाजी डोंगरे ने भाजपा में प्रवेश लिया। जनता को संबोधित करते हुए गड़करी ने कहा, ‘15 साल बाद वाहन को स्क्रैप में निकाला जाना चाहिए यह नियम कांग्रेस-राकांपा आघाड़ी सरकार ने बनाया। अब स्थिति ऐसी है कि सरकार को ही स्क्रैप में निकालने का समय आया गया है।’
आघाड़ी है सांप्रदायिक
गड़करी ने कहा, ‘भाजपा पर सांप्रदायिक पार्टी होने का आरोप लगाया जाता है, किंतु सांप्रदायिक हम नहीं बल्कि कांग्रेस-राकांपा आघाड़ी है।’ हमें धर्म या जाति की नहीं बल्कि विकास की राजनीति करनी है।
घोषणावीर हैं पाटील
गृहमंत्री आरआर पाटील पर निशाना साधते हुए गडकरी ने कहा, ‘गृहमंत्री केवल घोषणाएं करते हैं। काम नहीं करते। केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र में सड़कों के निर्माण के लिए 40 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। अगले तीन महीनों में सड़कों का निर्माण कार्य शुरू होते दिखाई देगा।’
फोटो- केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी