(तस्वीर में राज ठाकरे, उनकी पत्नी शर्मिला ठाकरे, बेटा अमित और बेटी उर्वशी)
पुणे। महाराष्ट्र में आगामी 15 अक्टूबर को होने जा रहे विधानसभा चुनाव को अधिसूचना जारी हो गई है। आज से 27 सितंबर तक उम्मीदवार अपना नामांकन दायर कर सकते हैं। महाराष्ट्र में होने जा रहे चुनावों के मद्देनजर हम आज से Politicians@Maharashtra नाम से एक सीरिज शुरू करने जा रहे हैं। इस सीरिज में हम महाराष्ट्र से जुड़े ऐसे नेताओं और उनके परिवार के बारे में बताएंगे जो महाराष्ट्र की राजनीति में किसी पहचान के मोहताज नहीं है। इसी कड़ी में आज हम आपको मिलवाने जा रहे हैं कभी शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे के बेहद करीब रहे और उनकी तरह कार्टूनिस्ट बनने का सपना देखने वाले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना(मनसे) के संस्थापक राज ठाकरे से।
बाल ठाकरे से नाराज होकर बनाई महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना
महाराष्ट्र की राजनीति का एक प्रमुख चेहरा हैं राज ठाकरे। कभी उन्हें शिवसेना के भावी नेता के रूप में देखा जाता था, लेकिन आज वो अपनी खुद की पार्टी के साथ महाराष्ट्र की राजनीति में अहम किरदार निभा रहे हैं। राज ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत बाल ठाकरे की पार्टी शिवसेना से ही की थी, लेकिन कुछ पारिवारिक मन-मुटाव के चलते उन्होंने अपनी अलग पार्टी बना ली। उन्होंने अपनी पार्टी को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना(मनसे) का नाम दिया। मनसे का महाराष्ट्र के भीतर अच्छा दखल है। हालांकि हाल में संपन्न हुए लोकसभा चुनावों में पार्टी को एक भी सीट हासिल नहीं हुई थी, इसके बावजूद राज ठाकरे इस बार पार्टी की जीत को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
राजनीति में नहीं होते तो कार्टूनिस्ट बनते
14 जून 1968 को मुंबई में जन्मे राज का असली नाम स्वर राज श्रीकांत ठाकरे है। उनके पिता श्रीकांत सीताराम ठाकरे शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे के छोटे भाई हैं। श्रीकांत ठाकरे जाने माने संगीतकार हैं। राज ठाकरे की मां कुंदा और बालासाहब की पत्नी मीना ठाकरे सगी बहने थीं। राज अपने चाचा बालासाहब की तरह ही कार्टूनिस्ट बनना चाहते थे। राज ठाकरे हमेशा कहते हैं कि अगर वह राजनीति में नहीं आता तो वाल्ट डिजनी जैसा कार्टूनिस्ट बन जाते। राज ठाकरे को कार्टून के अलावा फिल्म तथा फोटोग्राफी में भी दिलचस्पी है। वे कई नेताओं की मिमिक्री भी अच्छ तरह से कर लेते हैं।
कॉलेज के दिनों में ज्वाइन की राजनीति
राज ठाकरे का बचपन मुंबई के दादर इलाके में गुजरा। दादर स्थित बालमोहन विद्यालय में उन्होंने स्कूली शिक्षा ली। राज को स्कूली जीवन से ही चित्रकला में रूचि थी। इसलिए उन्होंने बाद में अपने कॅालेज लाइफ की शुरूआत जे.जे स्कूल आफ आर्ट से की। शिवसेना संस्थापक स्वर्गीय बाल ठाकरे के सानिध्य में राज ने अपने कॉलेज जीवन में ही राज ने राजनीति मे कदम रखा। उन्होंने भारतीय विद्यार्थी सेना, शिव उद्योग सेना जैसे संगठन का संचालन किया।
विवादित टिप्पणी के चलते राज अक्सर सुर्खियों में रहे
उत्तर भारतीयों पर की गई विवादित टिप्पणी के चलते राज अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। उनके ऊपर 1 दर्जन से ज्यादा मामले विवादित टिप्पणी करने के दर्ज हैं और अदालत में लंबित हैं। अपने बयानों के चलते राज के चेहते लोगों की तथा विरोधी लोगों की कमी नहीं है।
व्यक्तिगत जीवन
उनकी पत्नी का नाम शर्मिला ठाकरे है, जो प्रसिद्ध मराठी रंगमंच कलाकार, फिल्म अभिनेता, निर्माता और निर्देशक मोहन वाघ की बेटी हैं। राज और शर्मिला के दो बच्चे हैं, बेटा अमित और बेटी उर्वशी। शर्मिला अक्सर ही पति के साथ कई मौकों पर साथ नजर आती हैं। ठाकरे परिवार मुंबई के उन परिवारों में से एक है जो राजनीति के अलावा बॉलीवुड, क्रिकेट जगत और उद्योगपतियों के साथ हर बड़े मौकों पर उपस्थित नजर आता है। इनके बिना मुंबई की कोई भी बड़ी पार्टी पूरी नहीं होती। हाल के लोकसभा चुनावों में उनकी बेटी उर्वशी ने भी प्रचार कार्य में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया था।
आगे की स्लाइड्स में देखिए राज ठाकरे और उनके परिवार की कुछ चुनिंदा तस्वीरें...