पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Mathadi Labour Leader Prkash Chavhan Murdered

माथाडी मजदूर नेता प्रकाश चव्हाण की गोली मारकर हत्या, इलाके में तनाव

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(हत्या के बाद घटनास्थल पर जांच करती पुलिस, इनसेट में माथाडी मजदूर नेता प्रकाश चव्हाण।)
 
पुणे । शहर में देर शाम चिखली के पूर्णानगर इलाके में रहने वाले माथाडी मजदूर नेता प्रकाश चव्हाण की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उस पर तब हमला किया जब वो अपने ऑफिस से करीब सौ मीटर की दूरी पर स्थित एक सलून में गया था। बॉडीगार्ड और चव्हाण की आंखों में मिर्च पावडर झोंकी गई, उसके बाद पिस्तौल से गोलियां चलाई गईं। सिर व गर्दन में गोलियां लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों बॉडीगार्ड समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक, चिखली आरटीओ ऑफिस के पास प्रकाश लक्ष्मण चव्हाण का ऑफिस है। यहां से वह अपनी माथाडी कामगार यूनियन का कामकाज चलाता था। आज शाम ऑफिस से कुछ दूरी पर रॉयल हेयर क्राफ्ट नामक सलून में वह हजामत के लिए गया था। इसी बीच यहां दो ग्राहक भी आए और दाढ़ी बनवाकर जैसे ही चव्हाण सलून से बाहर निकला अज्ञात हमलावरों ने उसकी और बॉडीगार्ड्स की आंखों में मिर्च पावडर झोंक दी। इसके बाद उन्होंने उस पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं और मौके से भाग गए।
 
गोली लगने के बाद घायल प्रकाश चव्हाण को तुरंत स्थानीय निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस वारदात में उसके बॉडीगार्ड निलेश ढाकणे और केतन हांडे घायल हुए हैं। चव्हाण को जिस वाहन से अस्पताल ले जाया गया उसकी टक्कर से संजय शिंदे नामक एक व्यक्ति भी घायल हुआ है। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
 
चव्हाण के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस वारदात से पूरे शहर में खलबली मच गई, पूर्णानगर इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने किसी भी अप्रिय वारदात से निपटने के लिए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है। पुलिस को मौके से वारदात में इस्तेमाल की गई एक देसी पिस्तौल, एक सत्तूर, तीन जीवित कारतूस व तीन कारतूस के खोखे मिले हैं।