(महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार चुनावी सभा के दौरान बोलते हुए)
पुणे/कोल्हापुर: पश्चिम महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले से राकांपा ने आक्रामक अंदाज में चुनाव प्रचार का बिगुल फूंका है। यहां के गांधी मैदान में हुई राकांपा की विशाल सभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने ‘
सिंघम’ फिल्म का डायलॉग मारते हुए कहा,‘आता माझी सटकली। जनता को गुस्सा आ रहा है। हमें भी गुस्सा आ रहा है।’
शिवसेना-भाजपा साधु-संतों की नहीं बल्कि अवसरवादियों की पार्टी है
उप मुख्यमंत्री पवार के सिंघम अवतार में आते ही मंच पर बैठे राकांपा सुप्रीमो
शरद पवार, आर.आर. पाटिल, हसन मुश्रीफ सहित तमाम बड़े नेता अपनी हंसी रोक नहीं पाये। उन्होंने इस दौरान कहा कि यदि महाराष्ट्र में फिर से राकांपा सत्ता में आती है, तो 100 दिन के भीतर टोल नाकों को बंद कर दिया जायेगा। दरअसल उप चुनाव में भाजपा की हुई हार का असर राकांपा की पहली चुनाव प्रचार सभा में दिखा। गृह मंत्री आर.आर. पाटिल ने शिवसेना-भाजपा के खिलाफ बेहद आक्रामक अंदाज में भाषण किया। उन्होंने कहा कि शिवसेना-भाजपा साधु-संतों की नहीं बल्कि अवसरवादियों की पार्टी है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष देवेंद्र फडणवीस को निशाने पर लेते हुए कहा कि राज्य सरकार ने मराठा समाज और मुस्लिम समाज को आरक्षण देने का निर्णय लिया है। भाजपा इसे बदलने की बात कर रही है, परंतु जनता उसके मंसूबे को पूरा नहीं होने देगी।
‘लव जिहाद’ के नाम पर दो धर्मों के बीच झगड़ा लगाने का प्रयास किया जा रहा है
उप मुख्यमंत्री पवार ने राज्यसभा सदस्य रामदास आठवले पर राज्य के बहुजन समाज को आरएसएस की गोद में ले जाकर बैठने का आरोप भी लगाया। लोक निर्माण मंत्री छगन भुजबल ने भाजपा के ‘लव जिहाद’ पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, ‘ मुस्लिम युवक से यदि किसी हिंदू युवती ने प्रेम
विवाह किया, तो भाजपा वाले उसे ‘लव जिहाद’ का नाम देकर दो धर्मों के बीच झगड़ा लगाने का काम कर रहे हैं।’ भुजबल ने भाजपा के मुस्लिम नेताओं द्वारा हिंदू युवती से शादी करने और उनके कई बड़े नेताओं के लड़कों द्वारा मुस्लिम युवती के विवाह करने का मुद्दा उपस्थित करते हुए कहा कि क्या इसे ‘लव सनातन’ कहा जाये।
कांग्रेस के साथ गठबंधन का फैसला दो दिन में : शरद पवार
राकांपा सुप्रीमो शरद पवार ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘ यह विधानसभा चुनाव कांग्रेस और राकांपा गठबंधन करके लड़े यही इच्छा है। दो दिन में गठबंधन पर अंतिम फैसला हो जायेगा और कौन कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा। यह भी स्पष्ट हो जायेगा।’ उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने पिछले 15 वर्षों से कांग्रेस-राकांपा गठबंधन को सरकार बनाने का जनादेश दिया है। यह चुनाव भी कांग्रेस के साथ गठबंधन करके ही लड़ा जायेगा। चूंकि कांग्रेस के बड़े नेता देश के बाहर थे। जिसकी वजह से गठबंधन और सीट बंटवारे के मसले पर चर्चा रूकी हुई थी। राकांपा अध्यक्ष ने 3-4 दिन में अपनी पार्टी का घोषणापत्र जारी करने का ऐलान करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव का सामना समविचारी छोटे दलों को साथ लेकर करने का भी प्रयास राकांपा का रहने वाला है। उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा की कार्यशैली पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश के भीतर धार्मिक उन्माद फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री बनने की इच्छा पर चुटकी लेते हुए पवार ने कहा कि बाल ठाकरे ने कहा था कि वे या उनके परिवार का कोई सदस्य कभी भी सत्ता में शामिल नहीं होगा, परंतु यदि उद्धव ठाकरे ने अब उसमें बदलाव करने की ठानी है, तो वे मुख्यमंत्री पद पर दावा ठोंक सकते हैं।
आगे की स्लाइड में देखिए कैसे एनसीपी ने किया महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार का आगाज...