पुणे/मुंबई. राज्य के परिवहन मंत्री दिवाकर रावते ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए राज्यभर में टैक्सी ऑटोरिक्शा में ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (जीपीएस) को अनिवार्य किया जाएगा। इससे यह पता लगाना आसान होगा कि वह वाहन किस स्थान पर है। रावते ने विधान भवन के सामने स्थित टैक्सी स्टैंड पर पहुंच कर शेयर टैक्सी में चालक के बगल वाली सीट को महिला यात्रियों के लिए आरक्षित किए जाने के उपक्रम की शुरुआत की। पिछले दिनों परिवहन विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की थी। मुंबई में चलने वाली काली-पीली टैक्सियों की फ्रंट सीट महिलाओं के लिए आरक्षित की गई है। सरकार के इस कदम से महिलाओं को पीछे की सीट पर पुरुषों के साथ बैठने पर मजबूर नहीं होना पड़ेगा।
निर्णय का स्वागत
यात्री संगठनों ने परिवहन मंत्री के इस निर्णय का स्वागत किया है। अब तक शेयर टैक्सी में यात्रा करने में महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। कई बार तो उन्हें पीछे की सीट पर पुरुषों के बीच बैठकर यात्रा करनी पड़ती थी। चूंकि इस बारे में कोई कानून नहीं था। जो पहले टैक्सी पकड़ता था। वह ड्राइवर के बगल वाली फ्रंट सीट पर कब्जा जमा लेता था।
टोल फ्री नंबर जल्द
परिवहन मंत्री ने कहा कि किराया ठुकराने वाले टैक्सी ऑटो चालकों की शिकायत के लिए परिवहन विभाग जल्द ही टोल फ्री नंबर जारी करेगा।