पुणे। पूर्व केंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे की बेटी तथा विधायक पंकजा मुंडे ने कहा है कि पुणे के मावल में पानी के लिए लड़ाई लड़ने वाले किसानों पर गोलियां चलानेवाली कांग्रेस- एनसीपी की सरकार को अब जनता द्वारा सबक सिखाने का वक्त आ गया है।
पंकजा ने विधानसभा चुनावों के मौके पर संघर्ष यात्रा शुरू कर दी है। कल इस यात्रा दूसरे चरण के तहत पंकजा ने मावल लोकसभा चुनाव चुनाव क्षेत्र के तलेगांव में लोगों को संबोधित किया। इस मौके पर बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रुड़ी, श्रीरंग बारणे, विधायक बाला भेगड़े सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
पंकजा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की विकास नीति को आगे ले जाने में महाराष्ट्र की जनता का भी साथ होगा। गोपीनाथ मुंडे ने एनसीपी-कांग्रेस की जुल्मी सरकार के विरोध में जो लड़ाई शुरू थी, उसे मैं पूरा करनेवाली हूं। मैं संघर्ष यात्रा के माध्यम से समाज परिवर्तन के लिए आखिरी दम तक काम करनेवाली हूं।
धूप हो या बारिश आप का साथ नहीं छोडूंगी
मावल में पंकजा मुंडे के भाषण के दौरान बारिश होने लगी । हजारों कार्यकर्ता बारिश में भीगते हुए पंकजा का भाषण सुन रहे थे। पंकजा ने भी स्टेज से उतरकर बारिश में भीगने का मजा लिया और मौजूद लोगों से कहा कि बारिश हो कड़ी धूप मैं आप का साथ कभी छोडूंगी नहीं।
फोटो : पुणे जिले के मावल में सभा को संबोधित करती पंकजा मुंडे की तस्वीर