पुणे- महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के संस्थापक और अध्यक्ष राज ठाकरे को मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के साथ एक शादी में उपस्थित रहने के लिए पुणे दौरा अधूरा छोड़कर मुंबई लौटना पड़ा। सूत्रों की माने तो राज ठाकरे पार्टी के पुणे स्थित पार्षदों की मीटिंग चार दिन बाद बुलाएंगे।
लोकसभा चुनाव के मौके पर राज अपनी पार्टी के पार्षदों के कार्य का ब्यौरा लेने के लिए राज्य के दौरे पर हैं। ठाकरे मंगलवार को नासिक में अपने पार्टी के पार्षदों से मिले और बुधवार को पुणे पहुंचे, लेकिन पुणे दौरा अधूरा छोड़कर तत्काल मुंबई पहुंचे। राज के इस निर्णय से राजनीतिक क्षेत्र में अलग-अलग चर्चा चल रही है।
सूत्रों के मुताबिक राज के एक करीबी परिवार में उन्हें और सचिन तेंदुलकर को विवाह समारोह में आमंत्रित किया गया था, लेकिन राजनीतिक कामों में व्यस्त होने से राज समारोह में जाना भूल गए। पुणे पहुंचते ही उन्हें समारोह में मौजूद रहने की याद आई। सचिन के साथ कार्यक्रम में मौजूद रहना मिस न हो इसके लिए राज पुणे दौरा बीच में ही छोड़ तत्काल मुंबई पहुंचे। वे आज (शुक्रवार) अपनी पार्टी के मुंबई स्थित पार्षदों की बैठक बुलाएंगे। इसके बाद पुणे के पार्षदों को मुंबई बुलाया जाएगा।