पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपुणे. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष के भाषण के बाद टोलनाकों पर टोल टैक्स को लेकर कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए हिंसक आंदोलन से सभी डरे हुए हैं। इसका नजारा गुरुवार को पुणे में देखने को मिला। राज ठाकरे के पुणे आगमन की सूचना मिलने के बाद पुणे-मुंबई महामार्ग से राज ठाकरे की गाड़ी के गुजरने के दस मिनट पहले से टोल नाकों पर टोल वसूली बंद कर दी गई थी। इसका फायदा कई वाहन चालकों को मिला। उन्हें टोल टैक्स नहीं भरना पड़ा। राज्य में मनसे द्वारा टोल वसूली के खिलाफ किए गए हिंसक आंदोलन के चलते गुरुवार को टोल नाकों पर पुलिस का कड़ा बंदोबस्त तैनात किया गया था।
टोल नाकों के कर्मियों को भी इस बारे में सजग रहने के निर्देश दे दिए गए थे। पुणे-मुंबई महामार्ग स्थित वाशी, खालापुर, तलेगांव, उर्से टोल नाकों पर राज के वाहन के आने से दस मिनट पहले ही टोल वसूली रोक दी गई थी। राज अपने काफिले के साथ इन मार्गों से बिना टोल दिए मुंबई से पुणे आए। इतना ही नहीं नाकों पर गाड़ी को रोकने के लिए बैरिकेट्स भी नहीं लगाए गए थे। इसके चलते राज की गाड़ी किसी भी टोल नाके पर नहीं रुकी।
शुक्रवार को पदाधिकारियों की बैठक: शुक्रवार को राज मनसे के राज्य के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। बीएमसीसी रोड स्थित दराड़े हॉल में बैठक का आयोजन किया गया है। बैठक में चुनावों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा होगी।
कानूनी सलाह के बाद गिरफ्तारी : पुलिस अधीक्षक मनोज लोहिया ने पहले ही स्पष्ट कर दिया कि कानूनी सलाह लेने के बाद राज के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पहले गुजरात को टोलमुक्त करके दिखाएं मोदी : राकांपा
मुंबई. राष्ट्रवादी कांग्रेस ने भाजपा को चुनौती दी है कि महाराष्ट्र को टोल मुक्त करने से पहले प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी गुजरात को टोल मुक्त करके दिखाएं। राकांपा प्रवक्ता नवाब मलिक ने कहा कि पड़ोसी राज्य गुजरात के टोलमुक्त होने के बाद महाराष्ट्र सरकार देखेगी कि उन्होंने यह करामात कैसे की है। मलिक ने कहा कि प्रदेश भाजपा के नेता टोल को लेकर राजनीति कर रहे हैं।
विधायक के भरोसे बिना टोल दिए निकले राज : गुरुवार को मुंबई से पुणे जाते समय रास्ते में पडऩे वाले टोल नाकों पर मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे से टोल नहीं वसूलने के सवाल पर राकांपा प्रवक्ता ने कहा कि विधायकों को टोल नहीं देना पड़ता। यह बात राज ठाकरे अच्छी तरह जानते होंगे। राज की कार में मनसे विधायक नितीन सरदेसाई भी सवार थे।इसकी वजह से राज की कार को टोल नहीं भरना पड़ा।
मिरगे के बयान व्यक्तिगत
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष व राकांपा नेता डा.आशा मिरगे के महिलाओं को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान के बारे में मलिक ने कहा कि मिरगे का बयान उनका व्यक्तिगत बयान था। उसका पार्टी से कोई संबंध नहीं है। मिरगे ने अपने बयान के लिए माफी भी मांग ली है। इसलिए यह विषय समाप्त हो चुका है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.