पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Sadhavi Ritambhara Oppose Forced Conversions

जोर-जबर्दस्ती से किसी का भी धर्म परिवर्तन करवाना गलत: साध्वी ऋतंभरा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(साध्वी ऋतंभरा की फाइल तस्वीर)
पुणे। साध्वी ऋतंभरा का मानना है कि हिंदू धर्म में जोर-जबर्दस्ती धर्म परिवर्तन के लिए कोई स्थान नहीं है और यदि किसी भी तरह से कोई जबर्दस्ती धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास करता है तो वह गलत है। साध्वी विश्‍व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा आयोजित हिंदू सम्मेलन में हिस्सा लेने महाराष्ट्र के औरंगाबाद में आईं थीं।
विदित हो कि हाल ही में आगरा में बजरंग दल और हिंदू जागरण समिति द्वारा 100 मुस्लिमों का धर्म परिवर्तित कर उन्हें हिंदू बनाए जाने पर विवाद खड़ा हो गया है। कार्यक्रम के दौरान मीडिया के सवालों के जवाब देते हुए साध्वी ने कहा, "राम मंदिर आंदोलन में कई लोगों ने बलिदान दिया है। बाबरी मस्जिद निर्माण की मांग के लिए लड़ने वाले मुख्य याचिकाकर्ता हाशिम अंसारी ने भी कहा है कि रामलला को मुक्त किया जाए। यदि ऐसी ही भावना अन्य लोगों ने भी व्यक्त की तो सभी के सहयोग से राम मंदिर निर्माण होगा। हालांकि यह मुद्दा अभी अदालत में लंबित है।"
साध्वी ने आगे कहा कि, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में देश को एक साफ-सुथरी और ईमानदार छवि वाला नेतृत्व मिला है। उनसे देश को काफी उम्मीदें हैं। सही मायनों में देश अब विकास की राह पर आगे बढ़ेगा। मुस्लिमों को भी प्रधानमंत्री मोदी से भयभीत होने की जरूरत नहीं है। गुजरात में बड़ी संख्या में मुस्लिम रहते हैं और वे बेहतर तरीके से जीवन-यापन कर रहे हैं। साध्वी ने कहा कि सभी धर्मों और संप्रदायों के नागरिक भारत में सौहार्दपूर्ण वातावरण में रह रहे हैं। राष्ट्रहित ही हमारा असली धर्म है।"