पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Shiv Sena In Maharashtra Take Final Decision Today

महायुति में महाभारत: उद्धव आज लेंगे सीटों के बंटवारे पर अंतिम निर्णय

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे की फाइल तस्वीर)
मुंबई। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के कड़े रुख का शिवसेना ने करार जवाब दिया है। कोल्हापुर की रैली में अमितशाह द्वारा दबाव बनाए जाने के कुछ ही घंटों बाद शिवसेना ने कहा कि वह किसी के दबाव में आकर फैसला नहीं करेगी। शिवसेना ने गठबंधन जारी रखने का अंतिम निर्णय पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे पर छोड़ दिया है। आज कोई बड़ा फैसला आने की उम्मीद है।

शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा, ‘हम अपने आत्मसम्मान पर कोई समझौता नहीं करेंगे। हमने पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से मुलाकात की और गठबंधन पर चर्चा की। शिवसेना किसी के अल्टीमेटम को नहीं मानती। अंतिम फैसला सिर्फ और सिर्फ उद्धव ठाकरे लेंगे।’
कोल्हापुर और पुणे में बीजेपी के रुख को देखते हुए शिवसेना ने गुरुवार शाम 'मातोश्री' में एक बैठक बुलाई थी। इस बैठक में शिवसेना नेताओं ने बीजेपी के इस रवैए पर नाराजगी जताते हुए उन्हें कड़ा संदेश देने को कहा। गजानन कीर्तिकर, संजय राउत, रामदास कदम, सुभाष देसाई और दिवाकर राउते सहित शिवसेना के कई नेता बैठक में मौजूद थे।
राउत ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उद्धव को बीजेपी के साथ गठबंधन पर फैसला लेने के लिए अधिकृत किया है। उन्होंने कहा, ‘बीजेपी के साथ गठबंधन पर पार्टी प्रमुख जो भी फैसला करेंगे वह अंतिम होगा. वह जो भी फैसला करेंगे उस पर राज्य उनके साथ खड़ा रहेगा।’ आज इस मामले में कोई बड़ा फैसला आ सकता है।
बीजेपी शिवसेना संग मिलकर 135 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। जबकि शिवसेना चाहती है कि बीजेपी को पिछली बार की तरह 119 सीटें दी जाए। साल 2009 के चुनाव में शिवसेना ने 169 सीटों पर चुनाव लड़ा था।