पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Shivsena Attacks On Bjp On Seat Sharing Issue

सामना में शिवसेना का निशाना, 'दिल्ली तुम्हारी तो महाराष्ट्र हमारा'

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(शिवसेना के मुखपत्र सामना में छपा लेख)
मुंबई। महाराष्ट्र में सीटों के बंटवारे को लेकर चली आ रही खींचतान के बीच शिवसेना ने पार्टी के मुखपत्र 'सामना' बीजेपी को कड़ा संदेश देने वाला एक लेख लिखा है। 'सामना' में लिखे इस लेख में शिवसेना ने अपनी मंशा स्पष्ट कर दी है। लेख में कहा है कि 'दिल्ली तुम्हारी है तो महाराष्ट्र हमारा है, हम किसी तरह का भी दखल बर्दाश्त नहीं करेंगे।' कुछ लोग इसे पार्टी द्वारा बीजेपी पर दबाव बनाने का एक बड़ा प्रयास बता रहे हैं।
सामना के लेख में शिवसेना ने भाजपा को चेतावनी देते हुए लिखा है कि, 'लोकसभा चुनाव में तुम्हारे मिशन 272 के लिए तन-मन-धन लगाकर काम किया। अब विधानसभा में हमारा भी मिशन 150 है। दिल्ली तुम संभालो, लेकिन
महाराष्ट्र में हमें शासन करने दो।'
शिवसेना ने आगे लिखा है कि, 'गठबंधन का सम्मान करना चाहिए क्योंकि शिवसेना का महाराष्ट्र में मिशन 150 है। शिवसेना प्रमुख उद्धव ने कहा है कि जिस तरह से लोकसभा चुनावों में भाजपा के 'मिशन 272' में शिवसेना ने
खलल नहीं डाला, उसी तरह भाजपा को अब महाराष्ट्र चुनाव में शिवसेना के 'मिशन 150' का सम्मान करना चाहिए।'
नहीं आई बीजेपी की कोई भी प्रतिक्रिया
सामना के इस लेख पर अभी तक बीजेपी की ओर से कोई भी प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन लेख में जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया गया है उससे लगता है कि बीजेपी इस पर कड़ा ऐतराज जाता सकती है।
अमित शाह ने उद्धव ठाकरे से की फोन पर बात
बीजेपी सूत्रों की माने तो बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज सुबह शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से फोन पर बात कर सीटों के बंटवारे पर बीच का रास्ता निकालने का प्रयास किया है। बीजेपी ने शिवसेना से उन 59 सीटों पर फिर से विचार करने को कहा है जिसपर शिवसेना की एक भी बार जीत नहीं हुई है। हालांकि शिवसेना के नेताओं ने इस तरह की किसी भी बातचीत से साफ इनकार किया है।
टूट की कगार पर गठबंधन
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे को लेकर भाजपा और शिवसेना का 25 वर्ष पुराना गठबंधन टूटने के कगार पर पहुंच गया और दोनों दल अंतिम निर्णय के लिए एक दूसरे का इम्तहान लेने में लगे हैं। भाजपा 130 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है लेकिन शिवसेना उसे 119 सीटों से ज्यादा देने के लिए तैयार नहीं है।
शिवसेना का फॉर्मूला
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने फार्मूला दिया जिसके मुताबिक शिवसेना 151 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और बीजेपी को 119 सीटों पर चुनाव लड़ने को कहा गया है। बाकी 18 सीटों को 4 अन्य सहयोगी दलों को देने का फॉर्मूला सुझाया गया। हालांकि बीजेपी ने शिवसेना के इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया। बीजेपी ने कहा कि ये फैसला अव्यावहारिक है।
अमित शाह लेंगे अंतिम फैसला
रविवार शाम को बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति और संसदीय बोर्ड की बैठक हुई। बीजेपी ने संसदीय बोर्ड ने गठबंधन और पार्टी कैंडिडेट पर फैसला लेने का अधिकार अमित शाह को दे दिया है। सूत्रों ने बताया कि बीजेपी चुनाव समिति की बैठक में 135-140 सीटों पर चर्चा हुई। पार्टी इतने सीटों पर समझौते को तैयार है। हालांकि उम्मीदवारों की सूची का ऐलान गठबंधन पर आखिरी फैसले के बाद ही होगा।