(सामना में छपा शिवसेना का लेख)
मुंबई। शिवसेना ने पार्टी के मुखपत्र 'सामना; के माध्यम से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण पर तीखा हमला किया है। सामना में छपे एक लेख में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री चव्हाण की तुलना आईसीयू के मरीज से की गई है। 'अनुभव के ढोल' नाम से छपे इस लेख में चव्हाण की तुलना एक बीमार व्यक्ति से की गई है। चव्हाण फालतू की बकवास कर रहे हैं। लेख में गांधी परिवार पर भी निशाना साधा गया है।
सामना में लिखा गया है लेख
सामना के सम्पादकीय में पृथ्वीराज चव्हाण के उस हालिया बयान का जवाब दिया है जिसमें उन्होंने कहा था कि शिव सेना प्रमुख उद्धव ठाकरे को सरकार चलने का अनुभव नहीं है। लेख में लिखा गया है कि, 'महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण की मानसिक अवस्था को इस घड़ी हर किसी को समझना होगा। अति दक्षता विभाग का कोई पेशेंट कई बार अर्धग्लानी की अवस्था को प्राप्त होता है। इस अवस्था में उल जलूल बकवास करता है। आज कल मुख्यमंत्री की भी यही अवस्था है। हमारे बयान से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को मिर्ची लगी है। पृथ्वीराज बाबा का यह बयान यह बताता है कि चव्हाण एक बीमार मरीज की तरह बेहोश हैं। वह खुद अपने लिए एक सुरक्षित सीट की तलाश में हैं। हम बस इतना पूछना चाहते हैं कि जब वह सत्ता में आये थे तब उनके पास कौन सा अनुभव था। जब वह मुख्यमंत्री हुए तब उन्हें तहसील की भी जानकारी नहीं थी। पश्चिम महाराष्ट्र के अपने विधायकों के नाम तक उन्हें पता नहीं थे। मंत्रालय में डेस्क पर बैठे किसी ऑफिसर को भी उस समय चव्हाण से ज्यादा अनुभव हुआ करता था।'
गांधी परिवार पर भी निशाना
सामना के लेख में गांधी परिवार पर भी निशाना साधा गया है। लेख में लिखा गया है, 'राजीव के पास किस तरह के प्रधानमंत्री पद के अनुभव का सर्टिफिकेट था? जब राहुल को कांग्रेस प्रधानमंत्री पद पर बैठाने की बात कर रही थी तब महाराष्ट्र के इस 'बाबा' की हिम्मत नहीं हुई कि पूछ ले कि 'बाबा' तेरा अनुभव क्या है? पृथ्वीराज जाते जाते अपनी जगहंसाई क्यों कर रहे हैं।'
मुख्यमंत्री पद के कार्यकाल पर भी सवाल
सामना' में पृथ्वीराज चव्हाण के मुख्यमंत्री पद के कार्यकाल पर भी सवाल खड़े किए गए हैं. कहा गया है कि चव्हाण के महाराष्ट्र जैसे बड़े राज्य की सत्ता संभालने का राज्य को तो कोई फायदा नहीं हुआ, भ्रष्टाचार जरूर बढ़ गया। शिव सेना ने कहा है, 'हमें कुर्सी की भूख नहीं है। राज्य की जनता ने यदि तय किया तो हम मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी लेने को तैयार हैं।'