पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

शिवसेना ने बीजेपी पर किया कटाक्ष: 'अपने पैर जमीन पर रखने चहिए'

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(शिवसेना के मुखपत्र सामना में छपी संपादकीय)
मुंबई। उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के उपचुनाव में बीजेपी के खराब प्रदर्शन पर चुटकी लेते हुए शिवसेना ने अपने मुखपत्र 'सामना' में बीजेपी पर कटाक्ष किया है। सामना के लेख में बीजेपी को पैर जमीन पर रखने की सलाह दी गई है। संपादकीय में कहा गया है कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उत्तर प्रदेश में बड़ी जीत हासिल की थी, लेकिन अब उपचुनाव के परिणाम विपरीत रहे हैं। यह महाराष्ट्र के चुनाव के लिए एक सबक है। यह सबके लिए सबक है। जनता को हल्के में मत लीजिए।
यह सबके लिए एक सबक है
लेख में आगे लिखा गया है कि, 'लोगों का मन अस्थिर है। यह उनका फैसला है। उपचुनाव के परिणाम 15 अक्तूबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए एक सबक हैं। यह सबके लिए एक सबक है।' शिवसेना ने कहा कि अपने पैर जमीन पर रखो। जीत की हवा में मत उड़ो, इस सबक को सीखने वाले ही महाराष्ट्र का चुनाव जीतेंगे। अन्यथा जनता वह करेगी जो जरूरी होगा।
परिणामों को मोदी लहर से नहीं जोड़ा जाना चाहिए
सामना में आगे लिखा गया है कि, 'उपचुनाव के परिणामों को मोदी लहर से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। यह याद रखा जाना चाहिए कि आम चुनावों और राज्य चुनावों में अंतर होता है। इसमें कहा गया, मोदी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा काम कर रहे हैं। इसने कहा कि यदि मोदी का 100 दिन का काम लोगों तक नहीं पहुंचा तो इसके लिए कौन जिम्मेदार होना चाहिए।'
'लव जिहाद' मुद्दे का नहीं हुआ असर
शिवसेना ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने लव जिहाद का मुद्दा उठाया, लेकिन उपचुनाव के परिणामों से दिखा कि इस मुद्दे का कोई असर नहीं हुआ। इसने कहा कि किसी को भी हालिया उपचुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन का श्रेय सोनिया या राहुल गांधी को नहीं देना चाहिए। इसी तरह किसी को यह दावा भी नहीं करना चाहिए कि जनादेश मोदी के खिलाफ है।
आज अमित शाह की उद्धव से मुलाकात
शिवसेना के इस लेख पर अभी तक बीजेपी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। आज मुंबई में शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मुलाकात करने वाले हैं। सूत्रों की माने तो यह मुलाकात सीटों के बंटवारे को लेकर पैदा हुए गतिरोध को खत्म करने के लिए की हो रही है।