पुणे। पंकज आडवाणी लीग राउंड में पहला स्थान हासिल करते हुए यहां जारी इंडियन ओपन स्नूकर चैम्पियनशि के अंतिम दौर के क्वालीफाईंग टूर्नामेंट के मुख्य दौर में पहुंच गए हैं। नॉकआउट में पहुंचने वालों में पंकज के अलावा सुमित तलवार, कमल चावला, आलोक कुमार, नीरज कुमार और बृजेश दमानी शामिल हैं।
भारत के शीर्ष स्नूकर खिलाड़ी पंकज ने दो दिनों के भीतर दूसरा सेंचुरी ब्रेक हासिल किया। पश्चिम बंगाल के मनीष जैन के खिलाफ ग्रुप-ए मुकाबलों में उन्होंने 4-0 से जीत हासिल की।
ग्रुप-ए के एक अन्य मैच में नीरज ने चंडीगढ़ के रजत खनेजा को 4-3 से हराया। पूर्व राष्ट्रीय चैम्पियन आलोक कुमार ने पुणे के हसन बदामी को 4-1 से हराया और ग्रुप-बी में पहला स्थान हासिल किया।
इसी तरह रेलवे के कमल ने तीसरी जीत के साथ नाकआउट में जगह बनाई। कमल ने तमिलनाडु के जे. वरुण कुमार को 4-0 से हराया।