(इसी इमारत से नाइजीरियन युवक ने लगाई छलांग)
पुणे। पुलिस से बचने के लिए तीन मंजिला बिल्डिंग से छलांग लगाने वाले नाइजीरियन युवक की मौत हो गई है। पुलिस टीम नशीले पदार्थ की तस्करी के मामले में उसे तलाश करने गई थी। पुलिस टीम को देखते ही युवक ने बिल्डिंग से छलांग लगा दी।
मृतक का नाम ओब्येंका अनवानबकुवा (25) है। यह मूल रूप से नाइजीरिया का रहने वाला है। सांगवी पुलिस के अनुसार ओब्येंका नारकोटिक्स कंट्रोलिंग ब्यूरो (एनसीबी) के रिकॉर्ड पर दर्ज अपराधी था। उसके खिलाफ मुंबई में कई मामले दर्ज हैं, जिनमें एनसीबी को उसकी तलाश थी। शनिवार को पुलिस को जानकारी मिली कि यह पिंपरी-चिंचवड. के सांगवी इलाके के पिंपले गुरव में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने रात 8 बजे भाऊनगर के अक्षरभवन सोसाइटी में छापा मारा। पुलिस को देखते ही युवक ने 3 मंजिला इमारत से छलांग लगा दी।
3 मंजिला बिल्डिंग से छलांग लगाने की वजह से युवक को गंभीर चोटें आई। जिसके बाद खुद पुलिस ने उसे औंध के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। रविवार की युवक की हालत में सुधार हुआ जिसके बाद पुलिस उसे मुंबई ले जाने लगी, लेकिन रास्ते में उसकी तबियत फिर बिगड़ गई। इस कारण उसे फिर अस्पताल में लाया गया। रात साढ़े 12 बजे के करीब डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी लाश को पोस्टमार्टम के लिए पुणे के ससून हॉस्पिटल में ले जाया गया।