पुणे। विभिन्न मांगों को लेकर राज्य के स्कूलों के मुख्याध्यापक आगामी 13 फरवरी से अनिश्चितकालिन हड़ताल करेंगे। इससे 10 वीं और 12 वीं की परीक्षाएं प्रभावित हो सकती हैं। महाराष्ट्र माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शाला मुख्याध्यापक संघ महामंडल के प्रवक्ता प्रशांत रेडिज ने बताया कि कई बार के आंदोलन के बावजूद सरकार हमारी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है।
इसलिए हमने 13 फरवरी से कार्य बहिष्कार का फैसला लिया है।10 वीं, 12 वीं की परीक्षाएं 3 मार्च से शुरू हो रही हैं। ऐसे में मुख्याध्यापकों के बायकॉट से ये परीक्षाएं प्रभावित हो सकती हैं। महामंडल के प्रवक्ता ने बताया कि बीते 13 दिसंबर को जारी शासनादेश के अनुसार 71 बच्चे होने पर ही दो वर्ग बनाए जा सकते हैं। जबकि हमारी मांग है कि 25 छात्रों का एक वर्ग होना चाहिए। एक वर्ग में अधिक बच्चों के होने से उसका असर शिक्षा की गुणवत्ता पर पड़ता है। रेडिज ने कहा कि राज्य सरकार प्रादेशिक भाषाओं के स्कूलों की उपेक्षा कर अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों को बढ़ावा दे रही है।