(टोल विरोधी कृति समिति के सदस्य आंदोलन करते हुए)
पुणे। टोल नाकों पर वैकल्पिक सड़कें निर्माण करने की मांग को लेकर टोल विरोधी कृति समिति ने सोमवार को कोल्हापुर महानगरपालिका के सामने ठीया आंदोलन किया। समिति के पदाधिकारी एड. बाबा इंदुलकर ने बताया कि 10 नवंबर को कोल्हापुर मनपा प्रशासन की ओर से महापौर तृप्ती मालवी ने आश्वासन दिया था कि टोल नाकों पर छह दिनों में मनपा द्वारा वैकल्पिक सड़कों का निर्माण किया जाएगा।
इस आश्वासन को अब तक पूरा नहीं किया गया है। मनपा को उसके आश्वासन की याद दिलाने के लिए समिति के कार्यकर्ताओं ने ठीया आंदोलन किया। आंदोलन में मनपा प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की गई। आंदोलन में वरिष्ठ नेता डॉ. एन. डी. पाटील, कॉम्रेड गोविंद पानसरे शामिल हुए । उन्होंने महापौर तृप्ती मालवी से मिलकर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। इसमें टोल नाकों पर जल्द से जल्द वैकल्पिक सड़कों का निर्माण किए जाने की मांग की गई है।