(फोटो- उद्धव ठाकरे)
मुंबई/ पुणे. भाजपा-शिवसेना में सीट बंटवारे को लेकर ठन गई है। भाजपा, 135 सीटें देने काे तैयार है पर सेना 150 सीटों पर अड़ी हुई है। रविवार को शिवसेना ने भाजपा के कोटे वाली सीटों पर इच्छुक प्रत्याशियों के इंटरव्यू लिए तो भाजपा ने भी नाराजगी जताई। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता माधव भंडारी ने रविवार को कहा कि उद्धव ठाकरे के मोदी पर दिए बयान को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में काफी गुस्सा है।
कार्यकर्ता चाहते हैं कि सीट बंटवारे को लेकर शिवसेना से बातचीत तुरंत बंद कर दी जाए। गौरतलब है कि उद्धव ने कहा था कि लोकसभा चुनाव में मोदी लहर तमिलनाडु, पंजाब, ओडिशा व पश्चिम बंगाल में क्यों नहीं चली? भाजपा इसे प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी के अपमान से जोड़कर देख रही है। इधर शिवसेना नेता गुलाबराव पाटील ने बताया कि पार्टी भाजपा कोटे वाली सीटों पर उम्मीदवारों की सूची तैयार कर रही है।
महाराष्ट्र में कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में मनमोहन भी
नई दिल्ली महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में पूर्व प्रधानमंत्री
मनमोहन सिंह भी शामिल हैं। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष
राहुल गांधी के नाम भी इस सूची में हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चह्वाण ने यहां एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया, ‘हमने चुनाव आयोग को 40 स्टार प्रचारकों की सूची सौंप दी है।’
सेना का ही बनेगा मुख्यमंत्री : राऊत
शिवसेना सांसद संजय राऊत ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री शिवसेना का ही बनेगा। पार्टी चाहती है कि शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री बनें। उन्होंने कहा कि जब देश की बात थी तब ठाकरे ने कहा था कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे। अब राज्य की बारी है तो हमारी भी सुनी जानी चाहिए।
भाजपा का फार्मूला
आरपीआई (आठवले) और राजू शेट्टी की स्वाभिमान पक्ष जैसी पार्टियों को सीटें देने के बाद बची हुई सीटें बराबरी से बंटें। यानी भाजपा और शिवसेना 135-135 सीटों पर चुनाव लड़ें।
आगे की स्लाइड में पढ़ें क्या कहा एकनाथ खड़से ने