बालाजीपुरम में 10 दिनी ब्रह्मोत्सव शुरू
श्री रुक्मणी बालाजी मंदिर बालाजीपुरम में बुधवार से दस दिनी ब्रह्मोत्सव शुरू हुआ। इस उत्सव के लिए दक्षिण भारतीय पंडितों का दल बालाजीपुरम पहुंच गया है। इसके साथ ही बालाजी मेले में शाम से ही लोग पहुंचने लगे हैं। बालाजीपुरम के मुख्य पुजारी असीम पंडा स्वामी ने बताया ब्रह्मोत्सव में प्रतिदिन सुबह 8 से 12 बजे तक और दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक दक्षिण के आचार्यों द्वारा यज्ञ हवन पूजन किया जाएगा। प्रतिदिन शाम को भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सबसे पहले 12 फरवरी को जबलपुर की सविता मिश्रा, रामकिशोर रागी, अशोक अकेला द्वारा भजन प्रस्तुत किया जाएगा। 13 फरवरी को शैडो ग्रुप भोपाल द्वारा नाटक रामा का मंचन होगा। 14 फरवरी को मुंबई के भजन सम्राट कुमार विशु भजन प्रस्तुत करेंगे। 16 फरवरी को कालका ग्रुप और अंबिकापुर छत्तीसगढ़ से आई हिना सिंग एवं साथियों द्वारा देवी जागरण होगा। 17 फरवरी को भगवान बालाजी की शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 18 फरवरी को बैतूल बाजार के डिवाइन इंग्लिश स्कूल के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 20 फरवरी को भंडारे के साथ ब्रह्मोत्सव का समापन होगा।