ऑपरेशन मिलन में होंगे 85 निशक्तों के विवाह
जिला प्रशासन ने नि:शक्तों के जीवन में दांपत्य की खुशी के रंग भरने और उनकी गृहस्थी को बसाने का बीड़ा उठाया है। इस ऑपरेशन मिलन में 85 जोड़ों का चयन सामूहिक विवाह के लिए किया है। इन जोड़ों को गृहस्थी की सामग्री भी प्रदान की जाए, ताकि वे सुख से अपना वैवाहिक जीवन शुरू कर सके। जिला प्रशासन सामूहिक विवाह के माध्यम से दांपत्य सूत्र में बंधने वाले प्रत्येक दूल्हा के घर इस बात की तस्दीक की जा रही है कि उनके घर में शौचालय है, या फिर नहीं। शौचालय नहीं होने की दशा में सामूहिक विवाह से पहले दूल्हे के घर शौचालय बनवाया जाएगा, ताकि नववधू को खुले में शौच न जाना पड़े। इन जोड़ों में से प्रत्येक वर-वधू का प्रधानमंत्री बीमा योजनाओं के तहत बीमा करवाया जाएगा। दीनदयाल उपचार योजना में प्रत्येक वर-वधू को नि:शुल्क स्वास्थ्य उपचार कार्ड भी सामूहिक विवाह सम्मेलन में ही उपलब्ध कराया जाएगा। कलेक्टर ज्ञानेश्वर बी पाटिल ने बताया निशक्त सम्मेलन के माध्यम से विवाह कराने वाले निशक्तों को वर-वधू दोनों निशक्त होने की दशा में एक लाख, एक निशक्त होने पर 50 हजार रुपए की राशि दी जाएगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की 25 हजार की राशि अलग से दी जाएगी। एडीएम पवन जैन ने बताया फरवरी के अंत में विवाह सम्मेलन होगा।
इसमें शादी पूरे रस्म रिवाज के साथ होगी।
---------