किराए का हेलमेट देने वालों पर कार्रवाई शुरू
पंप के सामने हेलमेट किराए से देने वाले दो युवकोंं को पकड़ा
भास्कर संवाददाता | बैतूल
पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट के पेट्रोल पहुंचने वाले बाइक सवारों को 10 रुपए किराए पर हेलमेट उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को शहर के गंज पेट्रोल पंप और स्टेडियम के सामने स्थित पेट्रोल पंप से पुलिस ने बाइक सवारों को किराए का हेलमेट देने वाले दो युवकों को हिरासत में लेकर थाने में बैठा लिया। इसके अलावा दूसरे पंपों पर ऐसे होने की सूचना मिलने पर पुलिस गश्त करती रही। पुलिस ने बताया कि हेलमेट किराए से देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है बिना हेलमेट के पेट्रोल दिए जाने पर प्रतिबंध लगाने से लोगों ने हेलमेट किराए पर देने शुरू कर दिए थे। ट्रैफिक इंचार्ज ज्योत्सना यादव ने कहा, पेट्रोल पंप के पास किराए से हेलमेट देने का कार्य की सूचना मिली थी। इस पर दो युवकों को पकड़कर कर थाने में बैठा दिया है। आगे भी ऐसे लोगों के मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हेलमेट को लेकर विवाद
स्टेडियम के सामने दो युवकों में किराए के हेलमेट को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद हेलमेट धारी युवक के हेलमेट दुकान में रखने और दुकानदार के हेलमेट बाहर फेंक देने को लेकर हुआ था। हालांकि समझाइश पर विवाद सुलझ गया।
बैतूल. सड़क पर मिल रहे किराए के हेलमेट लेते हुए वाहन चालक।