पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

स्वाइन फ्लू के 10 पॉजिटिव मरीज मिले, 23 नए संदिग्ध मरीज मिले

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल. शहर में स्वाइन फ्लू का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती 10 संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट आरएमआरसीटी से पॉजिटिव आई है। इनमें से 4 मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है।
वहीं इस बीमारी के 23 नए संदिग्ध मरीज मिले हैं। इनमें से 8 मरीजों को हमीदिया और जेपी अस्पताल के डॉक्टरों ने स्वाइन फ्लू वार्ड में पलंग खाली न होने के कारण नमूना लेकर घर भेज दिया। सरकारी अस्पतालों में स्वाइन फ्लू पॉजिटिव और संदिग्ध मरीजों के इलाज की यह स्थिति तब है जब राजधानी में इस बीमारी से 13 मरीजों की मौत हो चुकी है।
जेपी अस्पताल में मंगलवार को दोपहर 2 बजे तक स्वाइन फ्लू के चार मरीजों के नमूने लिए गए। चारों मरीजों को स्वाइन फ्लू वार्ड के डॉक्टरों ने नमूना लेकर घर भेज दिया । वहीं हमीदिया अस्पताल के स्वाइन फ्लू वार्ड में दो नए मरीजों को इलाज के लिए भर्ती किया गया। दोनों ही मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है।
स्वाइन फ्लू वार्ड में मरीजों के लिए पलंगों की कमी पड़ने के बाद सरकार ने स्वाइन फ्लू के सी कैटेगरी के गंभीर मरीजों को ही अस्पताल में भर्ती करने के मौखिक निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके चलते डॉक्टर्स ने सी केटेगरी वाले सामान्य मरीजों को वार्ड में भर्ती करना बंद कर दिया है। नतीजतन ऐसे मरीजों को निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है।
अोपीडी में पहुंचे सर्दी व खांसी के 300 मरीज
जेपी, हमीदिया, काटजू अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैरागढ़ में संचालित स्वाइन फ्लू ओपीडी में मंगलवार को सर्दी-खांसी से पीड़ित 300 मरीज स्वाइन फ्लू की जांच कराने पहुंचे। डॉक्टर्स ने जांच के बाद 23 मरीजों के सुआब का नमूना जांच के लिए आरएमआरसीटी जबलपुर भेजा है।
स्वाइन फ्लू कंट्रोल रूम के मुताबिक फ्लू ओपीडी में जांच कराने पहुंचे मरीजों में करीब 80 मरीज स्वाइन फ्लू की ए केटेगरी के मिले हैं। इन मरीजों को सामान्य सर्दी-खांसी की दवा देकर, घर में परिजनों से दूरी बनाकर रहने की सलाह दी है।
10 हजार टैमी फ्लू टेबलेट की सप्लाई मिली
स्वास्थ्य संचालक (एनसीडी) डॉ. केएल साहू ने बताया कि स्वाइन फ्लू के मरीजों का इलाज करने के लिए केंद्र सरकार ने टैमी फ्लू की 17 हजार टेबलेट की सप्लाई दी है। इनमें से 10 हजार टेबलेट 30 मिलीग्राम की है, जो 15 साल से कम उम्र वाले स्वाइन फ्लू पॉजिटिव और संदिग्ध मरीजों को दी जाएंगी। इसके अलावा केंद्र सरकार ने संदिग्ध मरीजों के नमूने लेने 1 हजार पीपी किट और 250 एन-95 मास्क की सप्लाई भी दी है।