पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

स्वाइन फ्लू से राजधानी में 12वीं मौत, टैमी फ्लू देकर घर भेज रहे डॉक्टर

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल. राजधानी में स्वाइन फ्लू का प्रकोप कम ही नहीं हो रहा है। सोमवार को स्वाइन फ्लू पॉजिटिव एक और मरीज की मौत हो गई। इससे शहर में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 12 हो गई है। सांई बाबा नगर निवासी मंशाराम 7 दिन से जेपी अस्पताल में भर्ती थे।
उन्हें सोमवार को गंभीर हालत में हमीदिया अस्पताल लाया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उधर, हमीदिया और जेपी अस्पताल के डॉक्टर संदिग्ध मरीजों को सिर्फ टैमी फ्लू दवा देकर घर भेज रहे हैं। सोमवार को जब दैनिक भास्कर संवाददाता ने यहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया तो हकीकत सामने आई। हालांकि यहां के अधीक्षक अस्पताल में व्यवस्थाएं ठीक होने का दावा कर रहे हैं।

जेपी अस्पताल में स्वाइन फ्लू के पॉजिटिव आैर संदिग्ध मरीजों के लिए छह पलंगों का आईसोलेशन वार्ड बनाया गया है। यहां सभी पलंगों पर मरीज भर्ती थे। सोमवार को अस्पताल में स्वाइन फ्लू के 10 संदिग्ध मरीजों के सुआब के नमूने सी-कैटेगरी का मानकर लिए गए।
डॉक्टरों ने इन सभी को टैमी फ्लू देकर घर भेज दिया। साथ ही परिजनों से दूरी बनाकर रखने को कहा। ऐसी ही स्थिति हमीदिया अस्पताल में देखने काे मिली। यहां भी स्वाइन फ्लू वार्ड में मरीजों को भर्ती करने के लिए पलंग खाली नहीं थे।
सामान्य मरीज नहीं कर रहे भर्ती
हमीदिया अस्पताल के अधीक्षक डॉ. डीके पाल ने बताया कि स्वाइन फ्लू वार्ड में सामान्य मरीजों को भर्ती नहीं कर रहे हैं। ऐसे मरीजों के नमूने लेकर सर्दी-खांसी बढ़ने पर तत्काल इलाज के लिए अस्पताल आने की सलाह दी जा रही है।
नया स्वाइन फ्लू वार्ड बनाएंगे
जेपी अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनिल शुक्ला ने बताया कि मरीजों को भर्ती करने के लिए 10 बिस्तर का नया स्वाइन फ्लू वार्ड बनाया जाएगा। इससे अस्पताल में इस बीमारी के अधिकतम 16 मरीजों को एक साथ भर्ती किया जा सकेगा।
शहर के अस्पतालों में 15 संदिग्ध मरीज और मिले
स्वाइन फ्लू कंट्रोल रूम के अफसरों ने बताया कि शहर के अस्पतालों में रोजाना 10 से 12 संदिग्ध मरीज सामने आ रहे हैं। सोमवार को दो अलग-अलग अस्पतालाें में स्वाइन फ्लू के 15 नए संदिग्ध मरीज मिले हैं। इन मरीजों के नमूने जांच के लिए आरएमअारसीटी जबलपुर भेजे गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के मुताबिक नए संदिग्ध मरीजाें में से पांच को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती किया है। शेष को दवाएं देकर घर पर रहने की सलाह दी है।

सर्दी-खांसी के 250 मरीजों ने कराई जांच
जेपी और हमीदिया अस्पताल में सोमवार को सर्दी-खांसी से पीड़ित 250 मरीजों ने स्वाइन फ्लू की जांच कराई। इनमें से 90 मरीजों को स्वाइन फ्लू की ए केटेगरी का मरीज मानकर इलाज दिया गया।