राजगढ़. नागर मोहल्ला में शनिवार रात करीब ढाई बजे डकैतों ने साहूकार के घर बंदूक की नोक पर 25 लाख रु. की डकैती की। डकैत मकान के पिछले हिस्से से ईंटें हटाकर घुसे और 15 लाख नकद, 10 तोला सोना और 15 किलो चांदी, प्रॉपर्टी और एफडी के कागजात ले गए। घटना एसपी निवास से कुछ दूरी पर हुई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर डकैती का मामला दर्ज कर लिया है।
एसपी शशिकांत शुक्ला ने बताया कि सात डकैत पंडित मिश्रीलाल तिवारी के घर में कच्ची दीवार की ईंटें निकालकर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने कनपटी पर बंदूक अड़ाकर जान से मारने की धमकी दी। एक डकैत ने फरियादी की पत्नी पुष्पा तिवारी को गिराकर उन पर भी बंदूक अड़ा दी। महिला की कमर में बंधा चाबी का गुच्छा निकालकर अलमारी और पोटलियों में बंधा रखा कैश व जेवर लेकर फरार हो गए। दंपती की चीख पुकार सुनकर पड़ोसी इकट्ठा हो गए। जिस घर में डकैती हुई, वह कच्चा है। विवादित होने के कारण साहूकार यहां रहता था, जबकि उसका दो मंजिला पक्का मकान भी है, जिसमें किराएदार रहते हैं।
राजस्थान बॉर्डर पर भेजे हैं दल
प्रारंभिक जांच में 25 लाख की डकैती होने की आशंका है। राजस्थान बॉर्डर की तरफ तफ्तीश के लिए दल भेजे हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
शशिकांत शुक्ला, एसपी, राजगढ़
आगे की स्लाइड्स में देखें तस्वीरें.....