4 करोड़ की लागत से संवरेगा स्टेट हाईवे
सिरोंज स्टेट हाईवे के खराब हिस्से को ठीक कराने के लिए मप्र रोड डेवलपमेंट कार्पोरेशन ने पूरी योजना बना ली है। चार करोड़ रुपए की लागत से मार्च तक स्टेट हाईवे के खराब हिस्सों पर डामरीकरण शुरू कराया जाएगा। इस ओर काम पूरा होने के बाद हजारों वाहन चालकों को आने-जाने में सुविधा बनी रहेगी। मप्र रोड डेवलपमेंट कार्पोरेशन ने ब्यावरा-सिरोंज स्टेट हाईवे पर डामरीकृत रिपेयरिंग कराने के लिए पिछले वर्ष नवंबर में योजना बनाई थी। इसके बाद इस दिशा में अब काम शुरू किया जाएगा। विभागीय जानकारी के अनुसार चार करोड़ रुपए की लागत से 86 किमी लंबे ब्यावरा सिरोंज स्टेट हाईवे के खराब हिस्सों को ठीक किया जाएगा।
हाईवे पर अगले महीने से शुरू होगा रिपेयरिंग का काम
स्टेट हाईवे के खराब हिस्सों पर मार्च तक रिपेयरिंग शुरू की जाएगी। विभागीय जानकारी के अनुसार इसमें पहले चरण में अधिक खराब हिस्सों को पूरी तरह ठीक किया जाएगा। इसके बाद ब्यावरा से सुठालिया सहित मधुसूदनगढ़ के बीच मौजूद खराब पुलियाओं की हालत भी ठीक कराई जाएगी। इसके लिए पूरा सर्वे होने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
सुठालिया, मधुसूदनगढ़ और गुना वाले जाते हंै स्टेटे हाईवे से
जानकारी के अनुसार इस स्टेट हाईवे पर दिन-रात ब्यावरा से सुठालिया व सिरोंज की ओर 20 से अधिक सवारी वाहन चलते हैं। इनके अलावा 50 से अधिक छोटे सवारी वाहनों के साथ ब्यावरा व सुठालिया के आसपास बसें, दर्जनों गांवों के हजारों ग्रामीणों की बाइक सहित अन्य छोटे-बड़े वाहन भी इसी स्टेट हाईवे से निकलते हैं। यही नहीं ब्यावरा कृषि उपज मंडी पहुंचने वाली ट्रैक्टर ट्रालियां भी इसी स्टेट हाईवे से होकर जाती हैं। वहीं शहर के सैकड़ों लोग भी आए दिन इसी हाईवे से सुठालिया, मधुसूदनगढ़, गुना की ओर सफर तय करते हैं।
यहां अधिक खराब हालत
जानकारी के अनुसार ब्यावरा से सिरोंज तक 86 किमी लंबे स्टेट हाईवे के बीच कई स्थानों पर सड़क खराब बनी हुई है। इसमें ब्यावरा से कोलू भेरू मंदिर तक 2 किमी सड़क, इससे आगे गांव जेपला से घुरेल दर्शनीय स्थल तक 6 किमी हिस्से के साथ घुरेल जोड़ से सुठालिया तक 4 किमी लंबी सड़क का हिस्सा खराब है। इनके साथ ही सुठालिया से मधुसूदनगढ़ तक के बीच भी अलग-अलग स्थानों पर 10 किमी सड़क ठीक नहीं है। वहीं सुठालिया रोड पर गांव जेपला व घुरेल जोड़ के बीच एक पुलिया के साथ सुठालिया से आगे मधुसूदनगढ़ रोड की ओर मौजूद एक पुलिया की हालत भी ठीक नहीं है।
स्टेट हाईवे पर जल्द काम शुरू होगा।भास्कर
चार महीने में पूरी होगी रिपेयरिंग
विभागीय जानकारी के अनुसार मार्च में स्टेट हाईवे के खराब हिस्सों पर शुरू की जाने वाली डामरीकृत रिपेयरिंग अगले चार महीने तक पूरी की जाएगी। इस बीच स्टेट हाईवे के सभी खराब हिस्से ठीक किए जाएंगे। यानी इस वर्ष बारिश से पहले स्टेट हाईवे पूरी तरह ठीक हो जाएगा।
अगले महीने शुरू कराएंगे रिपेयरिंग
स्टेट हाईवे पर अगले महीने से डामरीकृत रिपेयरिंग शुरू कराई जाएगी। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया हो चुकी है। -गोपालसिंह डिवीजनल, मैनेजर मप्र रोड डेवलपमेंट कार्पोरेशन भोपाल
पिछले साल बारिश में खराब हो गई थी हाईवे की हालत
पिछले वर्ष हुई तेज बारिश से इस स्टेट हाईवे की हालत अधिक खराब हो गई थी। वहीं ब्यावरा व घुरेल के बीच मौजूद एक पुलिया भी क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। हालांकि मप्र रोड डेवलपमेंट कार्पोरेशन ने बारिश थमने के बाद खराब पुलिया को वैकल्पिक तौर पर ठीक कराने के साथ स्टेट हाईवे के कुछ खराब हिस्सों को ठीक कराया था, लेकिन स्टेट हाईवे की हालत अधिक खराब देख विभागीय तौर पर इसके सभी खराब हिस्सों को ठीक करने का निर्णय लिया गया था।
बारिश से पहले ठीक कर लिया जाएगा स्टेट हाईवे