लैब टेक्नीशियन और असिस्टेंट के बराबर वेतन पर जताया रोष
जिला शासकीय लैब टेक्नीशियन संघ ने रविवार को बैठक आयोजित की। इस बैठक में उन्होंने वेतन विसंगति और कर्मचारियों को नियमित करने की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी। इसके साथ ही 26 फरवरी को भोपाल में मौन जुलूस निकालने का भी निर्णय लिया गया।
अस्पताल परिसर में दोपहर दो बजे शासकीय लैब टेक्नीशियन संघ ने बैठक आयोजित की। इस बैठक में जिलेभर से आए लैब टेक्नीशियन व असिस्टेंट आदि मौजूद थे। बैठक में कहा गया कि सरकार संविदा पर रखे लैब टेक्नीशियनों को लंबे अरसे से मांग के बावजूद नियमित नहीं कर रही है, जबकि अन्य विभागों में संविदा कर्मचारियों को नियमित किए जाने की प्रोसेस चालू है। संघ के सदस्यों ने कहा कि जो लैब टेक्नीशियन नियमित हैं, उनके वेतन में विसंगतियां हैं। मेडिकल कॉलेज में उनसे निचली पोस्ट पर तैनात किए गए लैब असिस्टेंट को उन्हीं के बराबर यानि 2800 पे ग्रेड दिया जा रहा है। लैब टेक्नीशियनों ने कहा कि इस विसंगति को दूर कर उनकी पे ग्रेड 4200 कर दी जाए। मौजूद सदस्यों ने कहा कि इस मांग को मनवाने के लिए संघ के प्रदेशभर से आए पदाधिकारी 26 फरवरी को भोपाल में मौन जुलूस निकालेंगे।
इसके साथ ही सरकार के नहीं मानने पर आंदोलन को उग्र किया जाएगा। इस मौके पर राजगढ़ से केसी यादव, आरएन शाक्य, सुरेंद्रसिंह जाटव, नरेंद्र वर्मा, राकेश चौहान, राहुल विश्वकर्मा के अलावा जीरापुर से आरसी सक्सेना, सारंगपुर से एसके गुप्ता, खिलचीपुर से नीलकुसुम तिग्गा व पचोर से राम जमरा सहित बड़ी संख्या में जिलेभर के सरकारी अस्पतालों में पदस्थ लैब स्टाफ मौजूद रहा।
संघ का निर्वाचन भी हुआ
इस दौरान संगठन की शाखा का निर्वाचन भी किया गया। इस दौरान मौजूद सदस्यों ने केसी यादव को अध्यक्ष चुना, जबकि नरेंद्र वर्मा को सचिव, एसएस जाटव को कोषाध्यक्ष चुने जाने के अलावा कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों का भी चयन किया गया।