डाटा एंट्री ऑपरेटर्स भर्ती में हो रहा है भ्रष्टाचार
बुधवार को जिला पंचायत सदस्य व कृषि स्थाई समिति अध्यक्ष ने प्रेसवार्ता में जिपं सीईओ पर भ्रष्टाचार करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने 50 हजार रुपए लेकर फर्जी तरीके से डाटा एंट्री ऑपरेटरों की नियुक्त सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। सीईओ ने सभी आरोपों को गलत बताते हुए मामले की जांच कराने की बात कही।
जिपं सदस्य शीतल सत्येन्द्र कलावत ने कहा कि जिला पंचायत में डाटा एंट्री ऑपरेटरों की नियुक्तियों में धांधली की गई है। जिपं सीईओ ने 50 हजार रुपए लेकर सभी भर्तियां की हैं।
उक्त पदों पर विज्ञप्ति को शिथिल कर अपने लोगों की नियुक्ति की गई है। यह सब काम जिपं के बाबूओं के साथ-साथ मिलकर किया है। 30 ग्राम पंचायत सचिवों को निलंबित किया था। जिन्हें बिना शासन की गबन राशि वापस कराए सीधे बहाल कर दिया है।
उन्होंने आरोप लगाए कि मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में जिले के लिए भोपाल से बर्तन क्रय करने के लिए 50 लाख की राशि नियम से शालाओं को दी जाना थी। इसके बाद शालाओं के मास्टर नियमानुसार आवश्यक बर्तनों की खरीदी करते। सीईओ ने एक ही दुकान से सामान क्रय करने के लिए आदेशित किया। जिपं की विभिन्न शाखाओं में वाहन घोटाला हो रहा है।
जिपं अध्यक्ष की जानकारी में है पूरा मामला
जिपं सदस्य ने बताया कि सीईओ के भ्रष्टाचार का सारा मामला जिपं अध्यक्ष की नॉलेज में है। इस मामले में वह भी उनका साथ दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि सीईओ की शिकायत जनसुनवाई में भी कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। गुरुवार से जिपं के बाहर धरने पर बैठेंगे। साथ ही सीईओ के भ्रष्टाचार की शिकायत लोकायुक्त में करेंगे और उन पर थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। जिसकी तैयारी मय सबूतों के कर ली है।
मैं हर तरह से तैयार हूं जो चाहें शिकायत कर लें
मुझसे जो जानकारी मांगी गई थी उन्हें दे दिया है। वो चाहते हैं जिला पंचायत से जनपदों को मिलने वाली उन्हें दी जाए। मैं हर तरीके से तैयार हूं। जैसी चाहें शिकायत कर लें। लोकायुक्त में जाना चाहें जा सकते हैं एफआईआर कराना चाहें वो भी करा सकते हैं। डाटा एंट्री ऑपरेटर वाले मामले में भी छानबीन करा लें। एमएल वर्मा, सीईओ जिला पंचायत अशोकनगर
भ्रष्टाचार हो रहा है, मैं अपने स्तर पर शिकायत करूंगा
मामला जिपं अध्यक्ष की नॉलेज में हैं और जिपं में भ्रष्टाचार हो रहा है। मैं अपने स्तर से शिकायत करूंगा। बिना पैसे के कोई भी सचिव बहाल नहीं हुआ। डाटा एंट्री ऑपरेटर की नियुक्ति को निरस्त कराने के लिए कलेक्टर को पत्र लिखा है। उन्होंने फाइल को आगे बढ़ा दिया है। देशराज सिंह यादव, विधायक प्रतिनिधि जिपं अशाेकनगर
प्रेस वार्ता में सीईओ पर आरोप लगातीं जिपं सदस्य शीतल कलावत।