स्टाफ की कमी से जूझ रहे प्रदेश के सरकारी कॉलेज
भोपाल/इंदौर डीबी स्टार
प्रदेश के 432 सरकारी कॉलेजों में पर्याप्त स्टाफ ही नहीं है। इनमें प्रिंसिपल, प्रोफेसर और असि. प्रोफेसर समेत 9 श्रेणी के तकरीबन 4249 पद खाली हैं। कई वर्षों से िरक्त इन पदों को भरने में उच्च शिक्षा विभाग के आला-अधिकारी रुचि नहीं दिखा रहे हैं। विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक इनमें सर्वाधिक करीब 3000 पद असि. प्रोफेसर के हैं। हालांकि दो साल पहले विभाग ने असि. प्रोफेसर्स के 2360 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी करने की बात कही थी। लेकिन जिम्मेदार अफसरों ने इसमें दिलचस्पी ही नहीं दिखाई। साथ ही विभाग ने घोषणा की थी कि 2014-15 के सत्र से गेस्ट फैकल्टी की सेवाएं समाप्त कर दी जाएंगी। विभाग ने अब एमपीपीएससी को पत्र लिखकर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने को कहा है। बताया जाता है कि इस प्रक्रिया को पूरा होने में लगभग एक साल लगने की संभावना है। ऐसे में आगामी शिक्षा सत्र में स्टॉफ की कमी और गेस्ट फैकल्टी के भरोसे ही काॅलेजों में पढ़ाई होगी। पिछले तीन साल से रिक्त असिस्टेंट प्रोफेसर के 2934 पदों पर केवल 1500 गेस्ट फैकल्टी की ही नियुक्ति की गई है।
एमपीपीएससी को पत्र भेजा
 असि. प्रोफेसर के 2360 पद एमपीपीएससी मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग से भरे जाना है। आयोग को पत्र भेज दिया है। शेष पद विभागीय प्रक्रिया द्वारा भरे जाएंगे।  दीपक जोशी, राज्यमंत्री उच्च शिक्षा विभाग
फाइल फोटो