सड़क पर रखे कंटेनर और दुकानों के सामने बस स्टॉप बने परेशानी
नए व पुराने शहर को जोड़ने वाली अस्सी फिट रोड पर चार सौ से अधिक दुकानें हैं। इसमें सबसे अधिक दुकानें अशोका गार्डन रोड मेन रोड पर हैं। ये रोड प्रभात पेट्रोल पंप चौराहे से पुराने शहर के रेलवे स्टेशन, नव बहार सब्जी मंडी, हमीदिया रोड, नादरा बस स्टैंड को जोड़ती है। ऐसे में यहां पर यातायात का दबाव अधिक रहता है। यहां जरूरत के हर सामान की दुकानों के अलावा धार्मिक स्थल, एटीएम, बैंक, कोचिंग क्लासेस, होटल आदि हैं। चार से पांच हजार लोग रोजाना खरीददारी करने आते हैं। इसके अलावा रेलवे स्टेशन से आने और जाने वाले यात्री भी यहां रुककर जरूरत का सामान खरीदते हैं। ऐसे में यहां के दुकानदारों का कहना है कि उक्त मार्केट को शहर का आदर्श मार्केट विकसित करने के लिए योजना बनाई जाना चाहिए।
दुकानदारों के अनुसार सबसे बड़ी समस्या सड़क पर फैल रही गंदगी और दुकानों के सामने ही बस स्टॉप का होना है। मेन रोड पर ही कई जगह कंटेनर रखे हुए हैं। एक प्याऊ के सामने की कचरा घर है। यहां गंदगी का आलम रहता है। ऐसे में यहां लोग पानी पीने से भी परहेज करते हैं। लिहाजा सर्वसुविधायुक्त प्याऊ का निर्माण होना चाहिए। सबसे अधिक परेशानी तब होती है जब मैजिक, ऑटो और स्टार बस एक साथ दुकानों के सामने खड़ी हो जाती हैं। ऐसे में जाम के हालात बनते हैं और धूल व धुएं से परेशानी होती है। इससे दुकानों में रखा सामान तो खराब होता ही है साथ ही स्वास्थ्य पर भी वितरीत प्रभाव पड़ रहा है। इसका निराकरण होना चाहिए।
अस्सी फिट रोड के सौंदर्यीकरण के लिए योजना बनाई जा रही है। चौराहे और तिराहों को संवारा जाएगा। बस स्टॉप भी बनेंगे। इन सुविधाओं के अमल में आने से ये सड़क आदर्श सड़क बन जाएगी। गंदगी की समस्या का भी निराकरण करवाया जाएगा। -विश्वास सारंग, विधायक
बने बस स्टॉप और हो सौंदर्यीकरण
दुकानदार अशोक कुमार का कहना है कि सड़क पर कहीं भी बस स्टॉप नहीं है। केवल स्थान निर्धारित है। जबकि उक्त रोड रेलवे स्टेशन सहित कई महत्वपूर्ण स्थलों को जोड़ती है। लिहाजा अधिकांश लोग समय की बचत और गंतव्य स्थान पर जल्दी पहुंचना चाहते हैं, लेकिन दिन में कई बार जाम के कारण उन्हें परेशानी होती है। इसलिए ऐसी व्यवस्था होना चाहिए, जिससे लोगों को बेहतर अवागमन की सुविधा मिलना चाहिए।
दुकानों के सामने की पार्किंग होने से परेशानी होती है।
मार्केट स्कैन अस्सी फिट रोड, अशोका गार्डन