अब भोपाल में जल्द बनेगा टूरिस्ट सर्किट
प्रदेश में पहली बार टूरिस्ट सर्किट बनाए जा रहे हैं, जिसका केंद्र जिला मुख्यालय में रहेगा। यह सर्किट पर्यटकों को गाइड, बस, खाने और रहने की व्यवस्था करेगा। भोपाल में सर्किट के द्वारा शहर के सभी दर्शनीय स्थल दिखाकर भोजपुर, भीम बैठका, हथाईखेड़ा, इस्लाम नगर और सांची तक ले जाया जाएगा। सांची में पर्यटकों का नाइट हॉल्ट और भ्रमण के बाद दूसरे दिन बस वापस भोपाल लौटेगी।
यह जानकारी पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष तपन भौमिक ने एक खास चर्चा के दौरान भेल भास्कर को दी। उन्होंने कहा कि भोपाल शहर घूमने में पूरा एक दिन लगता है, इसलिए दोपहर बाद भेल क्षेत्र से घुमाते हुए पर्यटकों को सांची ले जाया जाएगा। वहां पहुंचने तक रात हो जाएगी। इसलिए वहां नाइट हॉल्ट दिया जा रहा है। अभी तक हथाईखेड़ा पर्यटन केंद्र के रूप में नहीं था। पहली बार इसे सर्किट में शामिल कर पर्यटन केंद्र के रूप में पहचान बनाई जा रही है। पर्यटकों को संपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने के साथ सुविधाएं भी दी जाएंगी। इन स्थानों तक पहुंचने लिए टूरिस्ट बसें ही रहेंगी। इन बसों के साथ गाइड व व्यवस्थाओं का चार्ट रहेगा। रुकने की व्यवस्था पर्यटन विकास निगम के होटल व गेस्ट हाउस की होगी।