पैसा वसूलने की तैयारी
नगर निगम द्वारा नर्मदा जल का पैसा वसूलने की तैयारी कर ली गई है, जबकि तीन सौ से ज्यादा कॉलोनियों के रहवासी अभी भी नर्मदा जल कनेक्शन का इंतजार कर रहे हैं। भेल क्षेत्र में करीब 35 हजार कनेक्शन हुए हैं, जिसमें आधे से ज्यादा कनेक्शन झुग्गी बस्तियों में हुए हैं।
नगर निगम को हस्तांतरित हुईं जिन कॉलोनियों के मकानों में कनेक्शन देकर मीटर लगाए गए हैं, उनमें से 30 फीसदी मीटर चोरी हो गए हैं और 40 फीसदी लोगों ने चोरी के डर से निकाल कर रख लिए हैं।
नगर निगम द्वारा बनाई नई नीति के अनुसार जहां मीटर लगे हुए नहीं मिलेंगे, उनसे 350 रुपए एवरेज बिल और 700 रुपए मीटर के वसूले जाएंगे।
नगर निगम अधिकारियों के नर्मदा जल का कनेक्शन देने के साथ ही उपभोक्ताओं को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी कि मीटर की निगरानी उन्हें करना है। मीटर चोरी जाने की जिम्मेदारी नगर निगम की नहीं है, इसलिए उपभोक्ता से ही पैसा वसूला जाएगा। जबकि जिन लोगों ने मीटर निकाल कर रखे हैं, वहां एक मार्च से पहले मीटर लगा दिए जाएंगे।
अरविंद विहार, साकेत नगर, शक्ति नगर, बाग मुगालिया क्षेत्र में करीब 8 हजार कनेक्शन हो चुके हैं। जबकि अयोध्या नगर, राजीव नगर, इंद्रपुरी, सोनागिरी, कल्पना नगर में 7 हजार नर्मदा जल के कनेक्शन हुए हैं।
इतने ही कनेक्शन भेल क्षेत्र की झुग्गियों में हुए हैं। एमरॉल्ड पार्क सिटी जैसी बड़ी कॉलोनियों में बल्क कनेक्शन हैं।
नगर निगम को पानी का बिल भेजने से पहले मीटर का सर्वे कराना चाहिए। साथ ही चोरी गए मीटर की जिम्मेदारी नगर निगम की ही है। क्योंकि रहवासी बाहर लगे मीटर की देखरेख नहीं कर सकते हैं। -प्रमोद राय, बाग मुगालिया
मीटर लगने के दूसरे दिन ही चोरी चले गए थे। मीटर लगाने का तरीका ही गलत था, जिससे वह चोर ले गए। -राजेंद्र श्रीवास्तव, साकेत नगर
एक ही समय मिलेगा सभी को पानी
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार बिल आने के साथ ही रहवासियों को पानी भरपूर मिलेगा। रोजाना नल सुबह 6 से 9 बजे तक चलेंगे। हर घर में 2 से 3 घंटे तक पानी सप्लाई होगा। अभी तक पानी सप्लाई का समय कहीं सुबह तो कहीं शाम को या दोपहर को होता था। यह सप्लाई भेल क्षेत्र में 12 टंकियों से होगी।
निगम ने दी चेतावनी
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार भेल क्षेत्र में ट्यूबवेल से हो रहे पानी सप्लाई की क्वालिटी पीने योग्य नहीं है। डब्ल्यूएचओ के नियमानुसार पानी में टर्बिटी और बैक्टीरिया काफी ज्यादा हंै। इसलिए नर्मदा जल के लिए सभी को कनेक्शन दिए जा रहे हैं।
पाइप बिछने के बाद भी कनेक्शन नहीं
भेल क्षेत्र की करीब 150 कॉलोनियों में नर्मदा जल की पाइप लाइन बिछ चुकी है, लेकिन किसी भी घर में कनेक्शन नहीं दिया गया है। वहीं जो कॉलोनियां नगर निगम को हस्तांतरित नहीं हैं, उनमें से 75 कॉलोनियों को पानी के लिए बल्क कनेक्शन का इंतजार है। इसमें से कुछ कॉलोनियों से नगर निगम ने कनेक्शन की राशि भी ले ली है।
यहां से चोरी गए कई मीटर
सबसे पहले अयोध्या नगर एच सेक्टर से करीब एक दर्जन मकानों से मीटर चोरी की शिकायत आई थी। इसके बाद अरविंद विहार, साकेत नगर 3 सी और डी सेक्टर के घरों से मीटर चोरी हो गए थे। इसके अलावा इंद्रपुरी, सोनागिरी, कल्पना नगर में भी मीटर चोरी हुए।